कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत तान नदी में 15 जुलाई को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से उक्त क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव गुरसिया पुल के ऊपर की दिशा में नदी में बहता हुआ दिखाई दिया, जिसकी जानकारी मछुआरों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बांगो थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नदी का बहाव तेज होने के कारण शव को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब रात 12 बजे पुलिस ने कड़ी मेहनत के बाद शव को बाहर निकाला। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और साक्ष्य संकलन का कार्य प्रारंभ किया। शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बांगो पुलिस अज्ञात शव की शिनाख्त और घटना की परिस्थितियों की गहन जांच में जुटी हुई है। 16 जुलाई / मित्तल