अंतर्राष्ट्रीय
16-Jul-2025


वॉशिंगटन डीसी,(ईएमएस)। अमेरिका के इलिनॉय में एक भारतीय महिला पर सुपरमार्केट से 1 लाख से ज्यादा का सामान चोरी करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, महिला ने स्टोर में सात घंटे बिताए और बिना भुगतान किए सामान के साथ बाहर निकलने की कोशिश की। यह घटना 1 मई, 2025 को हुई थी। अब सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। जहां महिला का नाम अनाया अवलानी बताया जा रहा है। स्टोर के कर्मचारियों को उसका व्यवहार संदिग्ध लगा, इसके बाद उन्होंने पुलिस को बुलाया। वीडियो में स्टोर कर्मचारी ने कहा, महिला को सात घंटे तक स्टोर में इधर-उधर घूमते देखा। महिला लगातार सामान उठा रही थी, फोन चेक कर रही थी और फिर बिना भुगतान किए स्टोर से बाहर जाने की कोशिश करने लगी। महिला ने मामले को सुलझाने के लिए सामान का भुगतान करने की पेशकश कर कहा, मैं इस देश से नहीं हूं, मैं सारे सामान का पैसा दे दूंगी। इस पर पुलिस ने जवाब कहा, क्या भारत में चोरी करने की इजाजत है? मुझे नहीं लगता। पुलिस महिला को हथकड़ी लगाकर थाने ले गई। हालांकि, महिला को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन गंभीर अपराध के आरोप लगने की संभावना है। सोशल मीडिया पर लोगों ने घटना पर महिला की आलोचना की। एक यूजर ने लिखा, मुझे समझ नहीं आता कि कोई मेहमान बनकर इस देश के कानून तोड़ने की हिम्मत कैसे कर सकता है। आशीष दुबे / 16 जुलाई 2025