ग्वालियर ( ईएमएस ) | अमृत हरित महा अभियान के अंतर्गत आज बुधवार को नगर निगम द्वारा आनंद पर्वत सिरोल पर छायादार एवं फलदार के लगभग 1000 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय, अपर आयुक्त विजय राज, दाना पानी टीम के सदस्य राज चड्ढा एवं उनकी टीम, एनसीसी के छात्र-छात्राएं व म्यूज एवं डिवाइन संस्था एवं अन्य समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक खेल अधिकारी सुश्री विजेता सिंह चौहान द्वारा किया गया। इस अवसर पर सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। पौधारोपण के अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान ने कहा कि शहर को हरा भरा बनाने के साथ ही शहर की वायु गुणवत्ता के सुधार हेतु हमें अधिक से अधिक पौधारोपण करना है। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि आपकों जहां भी जगह मिले पौधारोपण करें, शहर का प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा अवश्य लगाये तथा उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी ले। आज आनंद पर्वत पर समाजसेवियों के सहयोग से पौधरोपण किया जा रहा है। इसी प्रकार अन्य पर्वतों को भी हरा भरा बनाने के लिए पौधरोपण किया जाएगा। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने कहा कि अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए शहर के नागरिक निगम की नर्सरी एवं अन्य शासकीय नर्सरी से पौधे लेकर उचित स्थान पर पौधारोपण कर सकते हैं।