-कब्रों से निकले 800 नवजात के अवशेष, सेप्टिक टैंक में मिली हड्डियां आयरलैंड,(ईएमएस)। आयरलैंड का टुआम आजकल सुर्खियों में है। यहां खजाना नहीं बल्कि धरती के नीचे नर्क मिला है, जिसकी गवाही 800 बच्चों की मौत दे रही है। भले ही वे इस दुनिया में अब नहीं हैं लेकिन उनकी कब्रें चीख-चीखकर कह रही हैं कि उन्हें एक सम्मानजनक मौत नहीं मिली। इस दर्दनाक सच्चाई का पता करीब 10 साल पहले ही चल गया था लेकिन कब्रों की खुदाई अब शुरू हुई है। पश्चिमी आयरलैंड के टुआम में 14 जुलाई 2025 से 800 शिशुओं और छोटे बच्चों की सामूहिक कब्रों की खुदाई की जा रही है। ये अवशेष कम से कम 65 साल से दफन थे और एक दशक पहले स्थानीय इतिहासकार ने इन कब्रों का पता लगाया था उन्होंने इस जगह और यहां मासूम बच्चों की जिंदगी के साथ हुए खिलवाड़ को उजागर किया। चूंकि ये मामला चर्च से जुड़ा था, ऐसे में खुदाई होने में 10 साल लग गए। यह खुदाई सेंट मैरी मॉदर एंड बेबी होम के स्थान पर हो रही है, जो 1925-1961 तक कैथोलिक बॉन सेकर्स सिस्टर्स द्वारा संचालित किया जाता था। 2012 में कैथरीन कॉर्लेस ने स्थानीय इतिहास पर काम करते हुए सेंट मैरी में मरने वाले 796 बच्चों के दस्तावेज़ खोजे, लेकिन उनके दफन होने के रिकॉर्ड नहीं मिले। साल 1970 में दो लड़कों ने सीवेज टैंक में हड्डियां देखी थीं। ये बच्चे सामूहिक कब्रों में दफनाए गए। उनकी इस रिपोर्ट के बाद साल 2015 में आयरलैंड सरकार ने 18 ऐसे होम की जांच शुरू की और 2016 में टुआम में उन्हें महत्वपूर्ण मानव अवशेष मिल सके। इन बच्चों के मृत्यु प्रमाण-पत्र बताते हैं कि इनकी मौत टीबी, मिर्गी, खसरा, मेनिन्जाइटिस जैसी बीमारियों से हुईं लेकिन कई मामलों में कोई कारण ही नहीं बताए गए। पहली मौत 1925 में 5 महीने के बच्चे की थी, जो गैस्ट्रोएंटेराइटिस से उसकी मौत हुई और आखिरी मृत्यु 1960 में 5 महीने की बच्ची की थी। इनकी मौतों की वजह खराब स्वच्छता, गर्मी और भोजन की कमी थी। 2014 में टुआम के तत्कालीन आर्कबिशप ने दुख जताया, लेकिन कहा कि डायोसीज़ का होम से कोई संबंध नहीं था। साल 2021 में बॉन सिस्टर्स और आर्कबिशप ने माफी मांगी और बच्चों के अपमानजनक अंतिम संस्कार के लिए खेद जताया। आखिरकार साल 2021 में सरकार ने 3000 पेज की जांच रिपोर्ट जारी की और 2022 में अवशेषों की खुदाई के लिए कानून पारित किया। जानकारी के मुताबिक खुदाई की जा रही है, जो दो साल तक चलेगी। इसमें यूनाइटेड किंगडम, कनाडा, कोलंबिया, स्पेन और अमेरिका के विशेषज्ञ भी शामिल हैं। बच्चों के अवशेषों को निकाला जाएगा फिर उसका विश्लेषण किया जाएगा, पहचान की कोशिश होगी और सम्मानजनक तरीके से आखिरी विदाई दी जाएगी। निकले वाले अवशेष आपस में मिले हुए हैं, ऐसे में उनकी पहचान करना मुश्किल है। बता दें 20वीं सदी में आयरलैंड में मॉदर एंड बेबी होम अविवाहित गर्भवती महिलाओं के लिए बनाए गए थे, जिन्हें सामाजिक बहिष्कार का सामना करना पड़ता था। ये मुख्य रूप से कैथोलिक चर्च द्वारा संचालित थे। सेंट मैरी में 1925-1961 तक हजारों माताओं और बच्चों को रखा गया, जिन्हें उपेक्षा और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। कई बार तो बिना माताओं को बताए ही उनके बच्चों को गोद दे दिया जाता था। सिराज/ईएमएस 20 जुलाई 2025