राज्य
26-Jul-2025
...


बोले- डॉक्टरी की पढ़ाई कर रही छात्राओं की फीस देगी राज्य सरकार - सरकार मां-बहनों के सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध सतना (ईएमएस) ।सतना के सिंहपुर में शनिवार को आयोजित मातृ शक्ति उत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महिलाओं के लिए कई सौगातें दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मां-बहनों के सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब 12वीं की छात्राओं को हर महीने 500 रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी। इसके अलावा, जो छात्राएं प्राइवेट कॉलेजों से मेडिकल की पढ़ाई कर रही हैं, उनकी पूरी फीस राज्य सरकार देगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 34.81 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमिपूजन और 25.71 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में सीएम ने घोषणा की है कि साल 2028 तक प्रदेश की 100 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि साल 2003 में प्रदेश की केवल 7 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित थी, जबकि वर्तमान में 55 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई जल उपलब्ध कराया जा रहा है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि विरोधी कहते हैं कि हम धर्म की बात करते हैं। उन्होंने सवाल किया कि धर्म की बात न करें तो क्या अधर्म की करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की दुर्गति बहुसंख्यक समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने से हुई है। प्रदेश की सभी बहनें हमारा मान हैं, अभिमान हैं मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत बहनों को जारी की जाने वाली राशि में चरणबद्ध रूप से वृद्धि होगी और वर्ष 2028 तक बहनों को तीन हजार रूपए प्रतिमाह उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण और उनके कल्याण के लिए 1500 करोड़ रूपए से अधिक प्रतिमाह अंतरित किए जा रहे हैं। प्रदेश की सभी बहनें हमारा मान हैं, अभिमान हैं। इनके मान-सम्मान और कल्याण के लिए हम कोई कसर नहीं रखेंगे। दीपावली के बाद आने वाली भाईदूज तक राज्य सरकार सभी लाड़ली बहनों को 1250 रुपए से बढ़ाकर हर माह 1500 रूपए सहायता राशि देगी। बहन-बेटियों के सशक्तिकरण केलिए स्व-सहायता समूहों का संचालन, नौकरियों और स्थानीय व नगरीय निकायों और पंचायतों में आरक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। 55 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का लक्ष्य मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की जिन्दगी बदलने के लिए उन्हें बिजली में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सोलर पम्प पर अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। अगले डेढ़ माह में बरगी नहर का कार्य पूर्ण हो रहा है, इससे रीवा-सतना क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होगा। हमारी सरकार ने हर खेत तक पानी पहुंचाने का संकल्प लिया है और हम इसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्ष 2002-03 तक केवल 7 लाख हेक्टेयर में सिंचाई सुविध उपलब्ध थी। वर्तमान में हम 55 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2028 तक 100 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष 2600 रूपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं का उपार्जन किया गया। अगले दो साल में संभवत: 2700 रूपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं का उपार्जन किया जाएगा। विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मातृ शक्ति उत्सव कार्यक्रम में 93 करोड़ से अधिक राशि के 232 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इन विकास कार्यों में 44 करोड़ 7 लाख की लागत के 135 कार्यों का लोकार्पण और 49 करोड़ 11 लाख की लागत के 97 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रैगाव विधानसभा क्षेत्र में सिंहपुर में प्रस्तावित सोलर प्लांट स्थापित करने की पहल की जाएगी। सरकार अक्षय ऊर्जा को बड़ावा देने सोलर पावर के लिए अनुदान भी दे रही है। किसानों के पंपों को ऊर्जीकृत करने सोलर ऊर्जा के लिए अनुदान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर गांव और हर खेत में सिंचाई का पानी पहुंचाने का संकल्प सरकार ने लिया है। सतना जिले में नर्मदा जल शीघ्र पहुंचाया जाएगा। लाड़ली बहनों ने बांधी 20 फीट लंबी राखी मातृ शक्ति सम्मेलन के दौरान लाड़ली बहनों ने सीएम को 20 फीट लंबी राखी बांधी। इसके बदले में मुख्यमंत्री ने बहनों को नवांकुर अभियान के तहत एक-एक पौधा दिया और उनसे कहा कि इनका रोपण कर भाई की तरह देखभाल करें। कार्यक्रम स्थल पर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गर्भावस्था से लेकर बहनों की आजीविका तक की प्रदर्शनी लगाई गई थी। सीएम ने इसकी काफी सराहना की। 11 प्रदर्शनियों के जरिए जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया गया। इस कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।