अंतर्राष्ट्रीय
07-Aug-2025


लदंन,(ईएमएस)। हाल ही में, यूनाइटेड एयरलाइंस को एक बड़ी तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा, इस कारण 1000 से ज़्यादा फ्लाइट्स प्रभावित हुईं। यह घटना बुधवार शाम को हुई, जब एयरलाइन के ऑपरेशन अचानक रुक गए। इस समस्या के चलते सैकड़ों फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा और कई घंटों तक यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। बुधवार शाम करीब 6:12 बजे, यूनाइटेड एयरलाइंस के यूनिमैटिक सिस्टम में तकनीकी खराबी आई। यह सिस्टम एयरलाइन के वेट और बैलेंस कंप्यूटर सिस्टम को मैनेज करता है, जो फ्लाइट को सुरक्षित रूप से उड़ाने के लिए ज़रूरी होता है। इस खराबी के कारण, एयरलाइन की कई फ्लाइट्स उड़ान नहीं भर सकीं। देखते ही देखते, 1000 से ज़्यादा फ्लाइट्स देरी से चलीं और सैकड़ों को रद्द करना पड़ा। शुरुआत में, घटना को लेकर यह सवाल उठ रहा था कि क्या यह किसी साइबर अटैक का नतीजा है। हालांकि, यूनाइटेड एयरलाइंस ने बताया कि यह कोई साइबर हमला नहीं था। यह यूनिमैटिक सिस्टम में आई एक तकनीकी खराबी थी। एयरलाइन ने अभी तक इस बात का खुलासा नहीं किया है कि यह खराबी क्यों आई थी। नैशविल से डेनवर जा रही एक फ्लाइट की यात्री एंजेला जेफर्स ने बताया कि उनके पायलट ने अनाउंसमेंट में कहा था कि उन्हें फ्लाइट से जुड़ा ज़रूरी डेटा नहीं मिल रहा है। इस डेटा के बिना वे टेकऑफ़ नहीं कर सकते थे। पायलट ने बताया कि उन्हें यह नहीं पता था कि यह समस्या कब तक ठीक होगी। इस घटना का सबसे ज़्यादा असर शिकागो, डेनवर, न्यूआर्क, ह्यूस्टन और सैन फ्रांसिस्को जैसे बड़े एयरपोर्ट्स पर पड़ा। यूनाइटेड एयरलाइंस ने रात 7:30 बजे के आसपास इन एयरपोर्ट्स पर फ्लाइट्स रोकने का अनुरोध किया था। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एएफएफ) ने भी घटना की पुष्टि कर कहा कि वे यूनाइटेड एयरलाइंस के साथ मिलकर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं। एयरलाइन ने बताया कि तकनीकी समस्या को ठीक कर लिया गया है, लेकिन अभी भी कुछ फ्लाइट्स देरी से चल रही हैं। एयरलाइन अपने ऑपरेशन को सामान्य करने की पूरी कोशिश कर रही है। आशीष दुबे / 07 अगस्त 2025