फतेहपुर(ईएमएस)। फतेहपुर के ईदगाह परिसर में बने मकबरे पर भगवा झंडा लगाने पर बवाल हो गया। हिंदू संगठनों के लोग सुबह करीब 10 बजे मकबरे पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में मकबरे को मंदिर बताकर तोडफ़ोड़ करने लगे। इसके बाद कुछ युवकों ने छत पर चढक़र भगवा झंडा लगा दिया। मकबरे पर भगवा झंडा देख मुस्लिम समुदाय के लोग भडक़ गए और पत्थरबाजी करने लगे। तनाव को देखते हुए मौके पर थाना सदर कोतवाली, राधा नगर, मलवा, हुसैनगंज और हरियांव थाने की फोर्स तैनात की गई। डीएसपी गौरव शर्मा, एएसपी महेंद्र पाल सिंह समेत एडीएम अवनीश त्रिपाठी मौके पर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, जब लोग नहीं माने तो पुलिस ने बवाल कर रहे लोगों को लाठी फटकार कर खदेड़ा। विनोद उपाध्याय / 11 अगस्त, 2025