अंतर्राष्ट्रीय
12-Aug-2025
...


टेक्सास (ईएमएस)। रात के समय कैफीन का सेवन, खासकर महिलाओं में, आवेगपूर्ण व्यवहार को बढ़ा सकता है। यह खुलासा हुआ है यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट एल पासो (यूटीईपी) के बायोलॉजिस्ट्स द्वारा किए गए शोध में। शोध के अनुसार रात के समय कैफीन का सेवन, खासकर महिलाओं में, आवेगपूर्ण व्यवहार को बढ़ा सकता है। इसका मतलब है कि महिलाएं बिना ज्यादा सोच-विचार के जोखिम भरे फैसले ले सकती हैं, जो उनके लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। हालही में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार इसमें प्रयोग के लिए फ्रूट फ्लाइज (ड्रोसोफिला मेलानोगास्टर) का इस्तेमाल किया गया। वैज्ञानिक अनुसंधान में यह प्रजाति इसलिए महत्वपूर्ण मानी जाती है क्योंकि इनके जीन और नर्वस सिस्टम में इंसानों से कई समानताएं पाई जाती हैं। शोधकर्ताओं ने इन फ्लाइज की प्रतिक्रिया को तेज हवा में मापा सामान्य हालात में मक्खियां हवा के झोंके पर अपनी गति रोक देती हैं, लेकिन रात में कैफीन लेने वाली मक्खियां जोखिम उठाते हुए उड़ती रहीं। शोध के अनुसार, दिन में कैफीन लेने से ऐसा कोई प्रभाव नहीं देखा गया, लेकिन रात में सेवन करने पर खासतौर से फीमेल फ्लाइज में आवेगपूर्ण गतिविधियों में वृद्धि देखी गई। दिलचस्प बात यह रही कि मेल और फीमेल फ्लाइज को समान मात्रा में कैफीन दी गई थी, लेकिन प्रतिक्रिया में बड़ा अंतर था फीमेल मक्खियों ने ज्यादा संवेदनशीलता दिखाई। यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनोइस कॉलेज ऑफ मेडिसिन पियोरा के शोधकर्ता एरिक साल्डेस ने बताया कि यह प्रतिक्रिया काफी स्पष्ट थी और इसका असर जेंडर के आधार पर अलग देखा गया। हालांकि मक्खियों में इंसानों जैसे हार्मोन नहीं होते, लेकिन फिर भी फीमेल फ्लाइज में अधिक प्रभाव देखना इस बात की ओर संकेत करता है कि इसके पीछे कोई अन्य जेनेटिक या शारीरिक कारण हो सकते हैं। प्रोफेसर क्यूंग-एन हान के अनुसार, यह शोध शिफ्ट वर्कर्स, स्वास्थ्यकर्मियों और सेना में काम करने वाली महिलाओं के लिए विशेष रूप से अहम है, जो अक्सर रात में जागने के लिए कैफीन का सहारा लेती हैं। सुदामा/ईएमएस 12 अगस्त 2025