पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिफ मुनीर ने एक बार फिर अमेरिका की धरती से भारत को परमाणु युद्ध की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है इस्लामाबाद को भारत से अस्तित्व का खतरा महसूस हुआ तो वे ऐसी स्थिति में आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेगा। यह अपने तरह का पहला मामला है। अमेरिका जाकर पाकिस्तान के जनरल आसिफ मुनीर भारत को इस तरह की धमकी दे रहे हैं। मुनीर ने अमेरिका में कहा कि हम एक परमाणु संपन्न राष्ट्र हैं। उन्होंने सिंधु नदी को लेकर भी भारत के ऊपर निशाना साधा। उन्होंने सीधे-सीधे यह धमकी दी, भारत के बांध बनाने का पाकिस्तान इंतजार करेंगा, यदि भारत बांध बनता है, तो पाकिस्तान की 10 मिसाइलें उसे नष्ट कर देंगी, उनके पास मिसाइल की कोई कमी नहीं है। असीम मुनीर ने भारत की तुलना हाईवे पर दौड़ती हुई मर्सिडीज़ कार और पाकिस्तान को कंकर पत्थरों से भरे डंपर ट्रक से करते हुए कहा, अगर ट्रक कार से टकराता है, तो कार को ही नुकसान होता है, ट्रक को कोई नुकसान होने वाला नहीं है। उन्होंने भारत के बारे में कहा, भारत खुद को एक विश्व गुरु के रूप में पेश करता है, जो किसी भी रूप में संभव नहीं है। मुनीर ने अमेरिका के राजनेताओं के साथ-साथ सैन्य अधिकारियों से बातचीत की। पाकिस्तान के प्रवासियों से उन्होंने चर्चा की। जनरल मुनीर का अमेरिका का यह दूसरा दौरा है। दूसरे दौरे में अमेरिका ने बलूचिस्तान की विद्रोहियों को आतंकी संगठन घोषित करा दिया है। जो यह बताता है, अमेरिका के रिश्ते पाकिस्तान के साथ भारत की तुलना में बहुत बेहतर हैं। अमेरिका द्वारा पाकिस्तान को लगातार सहायता दी जा रही है। अमेरिका से तेल समझौते के अलावा और कई अनुबंध अमेरिका ने पाकिस्तान के साथ किए हैं। जो आगे चलकर भारत के लिए चुनौती के रूप में सामने होंगे। भारत ने जब सीज फायर की घोषणा की थी, उस समय कहा था पाकिस्तान सीजफायर के लिए गिडगिड़ा रहा था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान में जो नुकसान पहुंचाया उससे घबराकर पाकिस्तान ने भारत के सामने जब आत्मसमर्पण किया, तभी हमने सीज फायर का प्रस्ताव स्वीकार किया। जिस तरह से अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रेड डील को लेकर टैरिफ लगाकर भारत को धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। इस तरह से पाकिस्तान भी सीज फायर के बाद से लगातार भारत को धमका रहा है। भारत सरकार की चुप्पी से समझ में नहीं आ रहा है, भारत सरकार उन्हीं की भाषा में जवाब क्यों नहीं दे रही हैफ अमेरिका को लेकर यह चुप्पी फिर भी समझी जा सकती है। लेकिन पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिफ मुनीर रोजाना भारत को धमकियां दे रहे हैं। इस पर भारत सरकार चुप क्यों है। लोग तो यह भी कहने लगे हैं कि पाकिस्तान जानबूझकर धमकी दे रहा है। ताकि एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध हो। इसमें कहीं ना कहीं अमेरिका भी पाकिस्तान की पीठ पर हाथ रख रहा है। इससे यही समझ आता है, भारत सरकार चुप रहने के लिए विवश है। भारत सरकार को पाकिस्तान और अमेरिका से मिल रही धमकियों का जवाब देना चाहिए। ट्रंप यदि अपनी सीमा रेखा लाँघ रहे हैं तो भारत का वह सम्मान नहीं कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें भी मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। मोदी सरकार की यदि चुप्पी बनी रहती है तो यह भारत और सरकार दोनों के लिए खराब है। मोदी सरकार कुछ छिपाने के चक्कर में अपने ही मकड़जाल में फंसती जा रही है। जो पाकिस्तान सीज फायर के लिये गिड़गिड़ा रहा था, वही पाकिस्तान अब आंखे क्यों दिखा रहा है। भारत सरकार और सेना को वर्तमान स्थिति में सतर्क रहने की जरुरत है। एसजे/ 13 अगस्त /2025