जबलपुर (ईएमएस)। युगांडा पूर्वी अफ्रीकी देश युगांडा की धरती पर इस बार स्वतंत्रता दिवस का उत्सव भारतीय रंग में रंगा दिखाई दिया। युगांडा स्थित इंडिया हाउस में आयोजित भव्य समारोह में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ और फिर महाराज श्री ने अपने ओजस्वी उद्बोधन से भारतीय संस्कृति की महक बिखेरी। महाराज श्री ने कहा कि “भारत वसुधैव कुटुंबकम की परंपरा वाला देश है, जो शास्त्रों में जितना समृद्ध है, शस्त्रों में भी उतना ही सक्षम है। जरूरत पड़ने पर यह किसी के लिए जान देने और किसी को सुधारने के लिए घर में घुसकर जवाब देने की क्षमता रखता है।” उन्होंने यह भी कहा कि भारत और युगांडा भले भौगोलिक रूप से दूर हों, लेकिन दिल से बेहद करीब हैं। कार्यक्रम में मौजूद भारतीयों और युगांडा के नागरिकों से उन्होंने हमेशा मुस्कुराते रहने और तिरंगा लहराते रहने का संदेश दिया। महाराज श्री ने कहा – “भारतीयों की पहचान है मुस्कुराहट, इसलिए जीवन को खुशहाल बनाने के लिए हमेशा मुस्कुराते रहना चाहिए।” उन्होंने संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहने की भी अपील की। महाराज श्री ने भगवान से प्रार्थना की कि युगांडा संपन्न बने और वहां रहने वाले भारतीय अपने मूल्यों को संजोकर रखें। उनके संबोधन के दौरान ‘भारत माता की जय’ के नारों से इंडिया हाउस गूंज उठा। कार्यक्रम में भारतीय सेना और वायुसेना के अधिकारी, दूतावास के पदाधिकारी, प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मौके पर बागेश्वर महाराज ने सभी से स्नेहपूर्वक भेंट कर शुभकामनाएं दीं। ईएमएस/16/08/2025