राष्ट्रीय
17-Aug-2025


इंदौर (ईएमएस)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने रविवार को चुनाव आयोग (ईसी) पर तीखा प्रहार करते हुए उस पर सत्तारूढ़ भाजपा के एक अंग के रूप में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि आयोग को विपक्षी दल के वोट चोरी के आरोपों पर जवाब देना चाहिए, न कि जुबानी जंग में उलझना चाहिए। दिग्व‍िजय सिंह की यह टिप्पणी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मतदाता सूची में अनियमितताओं के आरोपों पर सात दिनों के भीतर शपथ पत्र देने को कहा था, अन्यथा उनके दावे निराधार माने जाएंगे। इंदौर में एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में बोलते हुए, पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में फर्जी मतदाताओं का पंजीकरण किया गया है। उन्होंने कहा, लोकतंत्र को बचाने के लिए, निष्पक्ष चुनावों के लिए एकजुट होकर काम करना आवश्यक है। उन्होंने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों को दोहराते हुए कहा, चुनाव आयोग को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाने के बजाय, राहुल गांधी द्वारा प्रस्तुत तथ्यों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष की मुख्य मांग देशव्यापी मतदाता सूची की एक डिजिटल कॉपी है, ताकि फर्जी मतदाताओं से संबंधित मुद्दों को सुलझाया जा सके। सिंह ने बिहार में मतदाता सूची से हटाए गए 65 लाख नामों का विवरण न देने के लिए भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। पार्टी के भीतर असंतोष पर सिंह ने कहा, हर संगठन में एक पद के लिए कई दावेदार होते हैं, लेकिन हमें एक टीम के रूप में काम करना चाहिए। इस कार्यक्रम में सिंह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल द्वारा लिखित एक पुस्तिका का विमोचन भी किया, जो राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर केंद्रित है। प्रकाश/17 अगस्त 2025