राष्ट्रीय
17-Aug-2025
...


इंदौर (ईएमएस)। अनुभवी पत्रकार और साहित्यकार महेश श्रीवास्तव को हिंदी पत्रकारिता में उनके अमूल्य योगदान के लिए प्रतिष्ठित भारतीय पत्रकारिता महोत्सव के लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें राज्यसभा सांसद और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा प्रदान किया गया। लगभग 65 वर्षों के अपने शानदार करियर में महेश श्रीवास्तव ने एक रिपोर्टर से लेकर समूह संपादक तक की भूमिका का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है और कई राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त किए हैं। सम्मान समारोह में दिग्विजय सिंह ने महेश श्रीवास्तव को मध्य प्रदेश की अमूल्य निधि बताते हुए उनके लेखन की सराहना की। उन्होंने कहा कि महेश श्रीवास्तव के लिखे आलेख और संपादकीय आज भी उनके स्मृति पटल पर अंकित हैं। यह सम्मान अप्रैल माह में ही स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. द्वारा घोषित किया गया था। पत्रकारिता के अलावा, महेश श्रीवास्तव को मध्य प्रदेश के आधिकारिक राज्य गान सुख का दाता सबका साथी के रचयिता के रूप में भी जाना जाता है, जो राज्य की समृद्ध संस्कृति, इतिहास और प्राकृतिक सौंदर्य को दर्शाता है। इस गरिमामय आयोजन में स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल और भोपाल के संभागीय संयोजक संजीव श्रीवास्तव भी उपस्थित थे। प्रकाश/17 अगस्त 2025