राज्य
18-Aug-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली मेट्रो के यमुना बैंक यार्ड के अंदर की दीवारों और मेट्रो ट्रेन पर आपत्तिजनक चित्र और संदेश लिखने मामला सामने आया है। मेट्रो पुलिस की जांच के अनुसार स्पेन से आए दो युवाओं ने यह हरकत की थी। इसके बाद वे 25 जुलाई को वापस अपने देश लौट गए। दिल्ली मेट्रो के यमुना बैंक यार्ड के अंदर की दीवारों और मेट्रो ट्रेन पर आपत्तिजनक चित्र और संदेश लिखने मामला सामने आया है। मेट्रो पुलिस की जांच के अनुसार स्पेन से आए दो युवाओं ने यह हरकत की थी। इसके बाद वे 25 जुलाई को वापस अपने देश लौट गए। मेट्रो पुलिस इन युवाओं की एलओसी (लुकआउट सर्कुलर) खुलवाने की तैयारी कर रही है। ऐसे में मेट्रो की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद मेट्रो सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियां भी उजागर हुई हैं। जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई की सुबह जब कर्मचारी डिपो पहुंचे तो दीवारों और कोचों पर रंगीन स्प्रे पेंट से बने चित्र और संदेश देखकर हैरान रह गए। यमुना बैंक मेट्रो थाने में तत्काल मामला दर्ज किया गया। डीसीपी मेट्रो कुशल पाल सिंह के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई और जांच शुरू हुई। शुरुआती पड़ताल में सामने आया कि डिपो के कई सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े थे, जिसकी वजह से जांच में विलंब हुआ। जांच में यह भी पता चला कि दोनों युवक 23 जुलाई की रात करीब 12:15 बजे जंगल के रास्ते आए और 15 फीट ऊंची दीवार रस्सी के सहारे फांदकर डिपो के अंदर पहुंचे। 5 घंटे तक दोनों ने मेट्रो कोचों और दीवारों पर पेंटिंग की और सुबह करीब 5 बजे वापस निकल गए। इसके बाद वे ऑटो से पहाड़गंज स्थित अपने होटल लौटे। अगले दिन दोनों आईजीआई एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़कर स्पेन रवाना हो गए। पुलिस द्वारा देर रात डिपो इलाके में सक्रिय मोबाइल नंबरों की सीडीआर और आईपीडीआर खंगाली गई। जांच में दो भारतीय और दो विदेशी नंबर सक्रिय मिले। सभी नंबरों की लोकेशन एक ही रूट पर पाई गई। इसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। यह भी सामने आया कि घटना के बाद दोनों विदेशी युवक गोल मार्केट भी गए थे। हजारों कर्मचारियों और यात्रियों की रोजाना आवाजाही वाले संवेदनशील डिपो में इस तरह विदेशी युवकों का घुसकर कई घंटे तक गतिविधियां करना सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/18/अगस्त /2025