राष्ट्रीय
18-Aug-2025


-नगर निगम ने सड़क और पार्क का नाम शुभांशु रखने का लिया फैसला लखनऊ,(ईएमएस)। यूपी के लखनऊ में अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के स्वागत की तैयारी हो रही हैं। शुभांशु जिन्होंने हाल ही में अंतरिक्ष मिशन के जरिए भारत का नाम दुनिया में रोशन किया है। इस वजह से उनके सम्मान में नगर निगम ने कई अहम फैसले लिए हैं। महापौर सुषमा खरकवाल ने बताया कि नगर निगम की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया है कि उनके घर तक जाने वाली सड़क और शहर का एक पार्क उनके नाम पर रखा जाएगा। यह कदम न केवल उन्हें सम्मान देने के लिए है बल्कि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से भी उठाया गया है। महापौर ने कहा कि शुभांशु शुक्ला लखनऊ शहर में पैदा हुए हैं वह हमारे शहर का गौरव है, हम भाग्यशाली हैं कि हमारे शहर का एक बच्चा विश्वपटल पर अपना नाम रोशन कर चुका है। उन्होंने कहा है कि आज पूरी दुनिया शुभाशु शुक्ला को जानती है। महापौर ने कहा कि शुभांशु उनके घर की रोड को उनके नाम से कर दिया है और सदन में बधाई देकर सबसे पहले इस काम को किया जाएगा। वहीं उन्होंने एक और अहम फैसला लेते हुए कहा है कि उनके घर के पास नगर निगम एक पार्क बनवाएगा। उनके लखनऊ आगमन को लेकर सुषमा खरकवाल ने कहा कि जिस दिन वह शहर आएंगे उस दिन नगर निगम और सभी पार्षदों के साथ उनका जोरदार स्वागत के करने के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगे। महापौर ने कहा कि शुभांशु शुक्ला आज न केवल लखनऊ बल्कि पूरे देश का गर्व बन चुके हैं। लखनऊवासी उनके इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं और शहर उन्हें अपना नायक मानकर भव्य स्वागत की तैयारी में जुटा है। शहर के हर कोने में चर्चा है कि जिस युवा ने आसमान में देश का नाम रोशन किया, उसका सम्मान लखनऊ को और गौरवान्वित करेगा। शुभांशु के स्वागत से शहर का माहौल देशभक्ति और गर्व की भावना से सराबोर होगा। नगर निगम का यह फैसला न केवल एक औपचारिक कदम है बल्कि यह संदेश भी है कि लखनऊ अपने सपूतों के योगदान को कभी नहीं भूलता है। सिराज/ईएमएस 18अगस्त25