राष्ट्रीय
19-Aug-2025


नई दिल्ली,(ईएमएस)। संसद के मानसून सत्र में मंगलवार को भी हंगामा जारी रहा। लोकसभा और राज्यसभा में वोटर वेरिफिकेशन और वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्ष ने जोरदार नारेबाजी की। इसी बीच लोकसभा में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में रहते हुए अमेरिका, चीन और पाकिस्तान के दबाव में भारत के अंतरिक्ष मिशन (इसरो) को कमजोर किया। भाजपा सांसद दुबे ने कहा, कि कांग्रेस ने केरल के प्रसिद्ध इसरो वैज्ञानिक नंबी नारायणन को 1994 में सीबीआई के जरिए गलत तरीके से गिरफ्तार कराया। इस साजिश से भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को भारी नुकसान हुआ। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अब भी नहीं चाहती कि इस विषय पर सदन में चर्चा हो। इससे पहले स्पीकर ओम बिरला ने प्रश्नकाल चलाने की कोशिश की। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कुछ सवालों के जवाब भी दिए। लेकिन विपक्ष की नारेबाजी और हंगामे के चलते कार्यवाही बाधित रही। अंततः लोकसभा और राज्यसभा—दोनों सदनों की कार्यवाही 20 अगस्त सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। हिदायत/ईएमएस 19अगस्त25