नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कहा कि बीते 10 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था ने अद्वितीय गति से प्रगति की है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसियों और वैश्विक आर्थिक संस्थाओं द्वारा भारत को लगातार सकारात्मक मूल्यांकन प्राप्त हो रहा है। इस्लाम ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे झूठ बोलकर भारत की आर्थिक सफलता को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि कांग्रेस शासित राज्यों में युवाओं की बेरोजगारी दर वैश्विक औसत से भी अधिक है। प्रवक्ता ने बताया कि भारत की अर्थव्यवस्था 2014 में 2.4 ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर अब 4.3 ट्रिलियन डॉलर हो चुकी है। भारत अब ग्यारहवें से चौथे स्थान पर आ चुका है। भारत की आर्थिक नीतियों पर वैश्विक भरोसे का प्रमाण है। महंगाई दर 9.74% (2013) से घटकर अब 1.55% पर पहुंच गई है। कृषि क्षेत्र में निवेश और सहायता से किसानों की आय में 8% वृद्धि हुई है। खाद्य महंगाई -1.6% है – अर्थात खाने-पीने की चीज़ें सस्ती हुई हैं। वर्ष 2024 में ही 4.5 करोड़ नौकरियां सृजित हुई उन्होंने कहा कि भारत की औसत वार्षिक वृद्धि दर 8% है, जो इसे दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बनाती है। उन्होंने आईएमएफ और आरबीआई के ताज़ा ग्रोथ अनुमान को भी सकारात्मक बताया। श्री इस्लाम ने कहा कि भारत की स्थानीय खपत आधारित अर्थव्यवस्था ने देश को वैश्विक टैरिफ अस्थिरता से सुरक्षित रखा है। घरेलू खपत जीडीपी का 58% है, जिससे भारत पर बाहरी असर सीमित रहता है। उन्होंने बताया कि भारत में आज तक 1700 से अधिक ग्लोबल कैपेसिटी सेंटर्स (जीसीसी) हैं, जिससे व्हाइट कॉलर नौकरियों में बड़ी बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में 10 साल में केवल 2.9 करोड़ नौकरियां बनीं, जबकि भाजपा सरकार ने अब तक 17.5 करोड़ से अधिक नौकरियां दी हैं। प्रवक्ता ने बताया कि विदेशी मुद्रा भंडार 700 अरब डॉलर से अधिक है। भारत में रिकॉर्ड एफडीआई आया है – कांग्रेस के 10 साल से तीन गुना ज्यादा। जीएसटी कलेक्शन 2 लाख करोड़ के पार पहुंच गया है, जो रिकॉर्ड है। आने वाली दिवाली देश के लिए ऐतिहासिक आर्थिक राहत लेकर आएगी। उन्होंने अंत में कहा कि यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और स्थिर, दूरदर्शी नीतियों के कारण संभव हुआ है। भारत आज वैश्विक मंच पर शाइनिंग स्टार के रूप में उभर रहा है।“भाजपा का लक्ष्य विकसित भारत है और देश उसी दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।” कांग्रेस पर तीखा प्रहार सैयद जफर इस्लाम ने कहा कि राहुल गांधी को अर्थव्यवस्था की समझ नहीं है, इसलिए वे भारत की आर्थिक प्रगति पर सवाल उठाकर झूठ फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि जब भाजपा ने 2004 में सत्ता छोड़ी थी, तब भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत थी, लेकिन 2014 में जब कांग्रेस से सत्ता वापस मिली, तब नीतिगत पक्षाघात, भ्रष्टाचार, और विकास की रुकावटों से अर्थव्यवस्था चरमराई हुई थी। भाजपा सरकार ने एनपीए जैसी समस्याओं को हल किया, जीएसटी सुधार, नीति स्पष्टता और डिजिटलाइजेशन के ज़रिए देश को आर्थिक मज़बूती दी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सिर्फ परिवार के लिए काम करती है, जबकि भाजपा देश के 140 करोड़ नागरिकों के लिए। भविष्य की दिशा प्रवक्ता ने कहा कि भारत अब सेफ्टी, सिक्योरिटी, कंटिन्यूइटी और सस्टेनेबिलिटी के कारण वैश्विक निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है। उन्होंने कहा कि जीसीसी (ग्लोबल कैपेसिटी सेंटर्स) के ज़रिए व्हाइट कॉलर जॉब्स का निर्माण हो रहा है। भारत में 1700 से अधिक ऐसे केंद्र हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। “इतनी अच्छी दिवाली 50 वर्षों में नहीं हुई होगी” प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लालकिले से जीएसटी में राहत की घोषणा पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस दिवाली देशवासियों की थाली में अधिक भोजन, जेब में अधिक पैसा और चेहरे पर अधिक मुस्कान होगी।