:: अति पिछड़ी जनपदों के विकास में उत्कृष्ट कार्य पर मिले स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अति पिछड़ी जनपदों में चलाए गए संपूर्णता अभियान में बेहतरीन काम करने के लिए इंदौर संभाग के छह जिलों के कलेक्टरों को सम्मानित किया है। भोपाल में आयोजित एक समारोह में इन कलेक्टरों को उनके उल्लेखनीय प्रयासों के लिए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान किए गए। संभाग आयुक्त दीपक सिंह ने भी सभी कलेक्टरों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयास से 4 जुलाई से 30 सितंबर तक चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य आकांक्षी जनपदों में महिलाओं के आर्थिक विकास, स्वास्थ्य और कृषि जैसे छह प्रमुख संकेतकों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना था। इस अभियान में इंदौर संभाग के अलीराजपुर, बड़वानी, धार, झाबुआ, खंडवा और खरगोन जिलों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। :: इंदौर संभाग को मिले कुल 10 पदक :: इस अभियान में इंदौर संभाग ने कुल 10 पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की है, जिनमें 3 स्वर्ण, 1 रजत और 6 कांस्य पदक शामिल हैं। - स्वर्ण पदक : बड़वानी की पाटी, धार की तिरला और खंडवा की छैगांव जनपदों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक से नवाजा गया। बड़वानी के तत्कालीन कलेक्टर डॉ. राहुल हरिदास फटिंग, वर्तमान कलेक्टर श्रीमती गुंचा सनोबर, खंडवा के तत्कालीन कलेक्टर अनूप कुमार सिंह, वर्तमान कलेक्टर ऋषव गुप्ता और धार के कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को यह सम्मान मिला। - रजत और कांस्य पदक : अलीराजपुर की कट्ठीवाड़ा जनपद को कांस्य (ब्रॉन्ज) और झाबुआ की थांदला जनपद को रजत (सिल्वर) पदक मिला। वहीं, झाबुआ जिले की मेघनगर, रामा, राणापुर और खरगोन जिले की भगवानपुरा, झिरन्या जनपदों को कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक से सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में तत्कालीन और वर्तमान दोनों कलेक्टरों को पदक के साथ स्मृति चिन्ह और प्रशंसा पत्र दिए गए, जो उनके सराहनीय कार्य का सम्मान है। यह अभियान महिलाओं के सशक्तिकरण और अति पिछड़े क्षेत्रों के विकास पर केंद्रित था, जिसमें इंदौर संभाग ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रकाश/20 अगस्त 2025 संलग्न चित्र - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, धार के कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को सम्मानित करते हुए।