राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर राष्ट्र को पीएम मोदी ने किया संबोधित नई दिल्ली,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर राष्ट्र को संबोधित कर भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़ी बड़ी घोषणाएं कीं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत आने वाले समय में अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन तैयार करेगा। उन्होंने हाल ही में अंतरिक्ष मिशन से लौटे भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की सफलता का जिक्र कर कहा कि उनकी उपलब्धि ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत जल्द ही एक अंतरिक्ष यात्री पूल तैयार करेगा और युवाओं को इसमें शामिल होने के लिए बुलाया। उन्होंने कहा, “आज भारत सेमी-क्रायोजेनिक इंजन और इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन जैसी अभूतपूर्व तकनीकों में तेजी से काम कर रहा है। गगनयान मिशन जल्द ही उड़ान भरेगा और उसके बाद भारत का अपना अंतरिक्ष स्टेशन भी होगा।” इस वर्ष राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की थीम “आर्यभट्ट से गगनयान: प्राचीन ज्ञान से अनंत संभावनाओं तक” रखी है। पीएम मोदी ने इस दौरान बताया कि कुछ दिन पहले उनकी मुलाकात ग्रुप कैप्टन शुक्ला से हुई थी, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर तिरंगा फहराया। पीएम मोदी ने कहा, “वह क्षण शब्दों से परे था। मैंने उनकी आंखों में नए भारत के युवाओं के असीम साहस और अनंत सपनों को देखा है।” पीएम मोदी ने बीते 11 वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र कर कहा कि भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र में एक के बाद एक बड़े सुधार किए हैं। उन्होंने कहा कि अब स्पेस-टेक केवल वैज्ञानिक शोध तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गवर्नेंस और आम नागरिकों के जीवन को भी प्रभावित कर रही है। उन्होंने बताया कि फसल बीमा योजना में उपग्रह आधारित आकलन, मछुआरों को समुद्र से जुड़ी जानकारी और सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान में भू-स्थानिक डेटा का इस्तेमाल—ये सब अंतरिक्ष प्रगति की वजह से संभव हुआ है। आशीष दुबे / 23 अगस्त 2025