ट्रेंडिंग
27-Aug-2025
...


दरभंगा,(ईएमएस)। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा बिहार में लगातार आगे बढ़ रही है। बुधवार को यात्रा के 11वें दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दरभंगा से अपनी यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब राहुल गांधी ने अपनी बहन और वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी को बुलेट पर बैठाकर बाइक रैली निकाली। रैली में राजद नेता और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी साथ नजर आए। इस यात्रा में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी शामिल हुए। इससे पहले दरभंगा शहर में जैसे ही राहुल गांधी पहुंचे उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ जुट गई। ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में राहुल-प्रियंका के साथ कांग्रेस सांसद, राजद नेता, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और माले नेता दीपांकर भट्टाचार्य भी शामिल रहे। बाइक रैली में राहुल गांधी आगे बुलेट पर प्रियंका गांधी को बैठाए हुए थे, जबकि पीछे तेजस्वी यादव लाल टी-शर्ट में नजर आए। यात्रा बन गई खास इसके बाद यात्रा मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुई। जारंग हाई स्कूल मैदान में राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित किया। इस बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी यात्रा में शामिल हुए। मंच पर राहुल और प्रियंका गांधी के साथ स्टालिन व तेजस्वी यादव की मौजूदगी ने इस यात्रा को और खास बना दिया। जनता की आवाज बुलंद करने वाली यात्रा कांग्रेस और राजद नेताओं का कहना है कि यह यात्रा मतदाताओं को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का अभियान है। राहुल गांधी ने जनसभा में कहा कि लोकतंत्र को बचाने और जनता की आवाज बुलंद करने के लिए यह यात्रा निकाली गई है। इसी के साथ वोटर अधिकार यात्रा बुधवार शाम मुजफ्फरपुर के गायघाट पहुंचेगी। यहां से यह बोचहां, मीनापुर और औराई विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए गुजरेगी। रात होते-होते तक यह यात्रा सीतामढ़ी पहुंचेगी, जहां अगले दिन इसे आगे बढ़ाया जाएगा। हिदायत/ईएमएस 27अगस्त25