सेंसेक्स 206, निफ्टी 45.45 अंक नीचे आया मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को गिरावट पर बंद हुआ। सप्ताह के दूसरे ही कारोबारी दिन एशियाई बाजारों से मिले अच्छे संकेतों के बाद भी मुनाफावसूली हावी होने से बाजार में ये गिरावट आई है। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स अंत में 206.61 अंक करीब 0.26 फीसदी टूटकर 80,157.88 जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 45.45 अंक नीचे आकर 24,579.60 पर रहा। आज लार्जकैप की जगह मिडकैप और स्मॉलकैप में तेजी रही। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 151.90 अंक बढ़कर 56,977.40 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 93.20 अंक नीचे आकर 17,591.30 पर था। वहीं सेक्टोरल आधार पर देखें तो ऑटो, आईटी, फाइनेंशियल सर्विसेज, फार्मा और प्राइवेट बैंक इंडेक्स गिरावट पर बंद हुए जबकि एफएमसीजी, पीएसयू बैंक, मेटल, रियल्टी, मीडिया , एनर्जी और इन्फ्रा इंडेक्स के शेयरों में तेजी रही। सेंसेक्स पैक में पावर ग्रिड, एनटीपीसी, टाटा स्टील, एचयूएल, बीईएल, बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा, इटरनल और आईटीसी के शेयर सबसे अधिक लाभ में थे। एमएंडएम, एशियन पेंट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा मोटर्स, एलएंडटी, ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक टॉप के शेयरों को सबसे अधिक नुकसान हुआ। बाजार जानकारों के अनुसार आज कारोबार के दौरान बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही। इथेनॉल मानदंडों में मिली राहत के कारण चीनी शेयरों में तेजी आई, जबकि अमेरिका की नरम रुख वाली टिप्पणियों के बाद निर्यात केंद्रीत कंपनियों के शेयरों में तेजी आई हालांकि, निवेशकों अपनी ओर से सतर्कता बरत रहे हैं। इससे पहले आज सुबह बाजारों की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। सुबह बीएसई सेंसेक्स 150 अंकों की बढ़त के साथ 80,520.09 पर खुला, जबकि निफ्टी50 ने 24,653 के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। सुबह सेंसेक्स 231.59 अंक चढ़कर 80,596.08 पर और निफ्टी 76.75 अंक बढ़कर 24,701 पर कारोबार करता देखा गया। एशियाई बाजारों में आज सकारात्मक माहौल देखा गया। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 0.31 फीसदी, कोरिया का कोस्पी 0.45 फीसदी और टॉपिक्स इंडेक्स 0.28 फीसदी बढ़ा। गिरजा/ईएमएस 02 सितंबर 2025