मुंबई (ईएमएस)। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले बुधवार को भारतीय रुपया 9 पैसे की बढ़त के साथ ही 88.06 पर बंद हुआ। इससे पहले आज सुबह रुपया शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 15 पैसे की बढ़त के साथ 88.00 के स्तर पर पहुंच गया। मंगलवार को रुपया अपने अब तक के सर्वकालिक निचले स्तर 88.15 पर बंद हुआ था। वहीं अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया आज 88.15 पर खुला और बाद में 88.00 तक मजबूत हुआ। हालांकि, विदेशी निवेशकों द्वारा पूंजी निकासी और वैश्विक बाजारों में डॉलर की मजबूती के कारण रुपये की बढ़त सीमित रही। डॉलर सूचकांक, जो डॉलर की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले स्थिति को दर्शाता है, 0.09 फीसदी की बढ़त के साथ 98.48 पर पहुंच गया। विशेषज्ञों का मानना है कि निकट भविष्य में डॉलर की चाल और विदेशी निवेश की दिशा रुपये की स्थिति तय करेगी। बाजार सहभागियों की नजर अब अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और फेडरल रिजर्व की नीति पर टिकी है। गिरजा/ईएमएस 03 सितंबर 2025