पैगंबर मुहम्मद साहब ने एकता और मानवता की सेवा का संदेश दिया नई दिल्ली,(ईएमएस)। पीएम नरेन्द्र मोदी ने मिलाद-उन-नबी के अवसर पर शुक्रवार को लोगों मुस्लिम भाईयों को शुभकामनाएं दीं। यह पर्व इस्लाम के संस्थापक पैगंबर मुहम्मद साहब के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर मनाया जाता है। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह पवित्र दिन हमारे समाज में शांति और खुशहाली लाए। करुणा, सेवा और न्याय के मूल्य सदैव हमारा मार्गदर्शन करें। ईद मिलाद-उन-नबी मुबारक। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को पैगंबर मुहम्मद साहब की जयंती, ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। एक्स पर एक पोस्ट में, राष्ट्रपति मुर्मू ने लोगों से पैगंबर मुहम्मद साहब की शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हुए भाईचारे की भावना के साथ आगे बढ़ने और देश के विकास के लिए काम करने का आग्रह किया है। राष्ट्रपति ने अपनी पोस्ट में कहा कि पैगंबर मुहम्मद की जयंती, ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के पवित्र अवसर पर मैं अपने सभी देशवासियों, विशेषकर हमारे मुस्लिम भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई देती हूं। पैगंबर मुहम्मद ने एकता और मानवता की सेवा का संदेश दिया। पोस्ट में आगे कहा गया है कि इस पवित्र अवसर पर, हमें उनकी शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हुए भाईचारे की भावना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए। बता दें ईद-ए-मिलाद-उन-नबी, जिसे मौलिद के नाम से भी जाना जाता है, एक अहम इस्लामी उत्सव है जो पैगंबर मुहम्मद साहब के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस साल यह उत्सव गुरुवार से शुरू हुआ और शुक्रवार को इसका समापन हो रहा है। यह दिन दुनिया भर के मुसलमानों के लिए गहरा आध्यात्मिक महत्व रखता है, क्योंकि सभी लोग पैगंबर मुहम्मद साहब के जीवन और शिक्षाओं का सम्मान करते हैं, जिनकी बफात (निधन) कई सालों बाद इसी दिन ही हुआ था। इस्लामी कैलेंडर के तीसरे महीने, रबी अल-अव्वल की 12वीं तारीख को पड़ने वाला ईद-ए-मिलाद-उन-नबी, करुणा, न्याय और दया पर पैगंबर साहब के मार्गदर्शन पर चिंतन करने का समय है। करीब 570 ईस्वी में मक्का में जन्मे पैगंबर मुहम्मद साहब अपने प्रेम और समानता के संदेशों के लिए पूजनीय हैं, जो आज भी लाखों लोगों को प्रेरित करते हैं। सिराज/ईएमएस 05सितंबर25 -----------------------------------