नालंदा (ईएमएस)। नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के सरबहदी गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के बाहर स्थित पोखर से एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान सरबहदी निवासी राजा चौधरी (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शुक्रवार शाम से लापता था। परिजनों के अनुसार, राजा चौधरी शुक्रवार शाम खाना खाने के बाद ताश खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वह वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने पोखर में उसका शव देखा और तुरंत परिवार को सूचना दी। शव मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि राजा की बदमाशों ने बेरहमी से हत्या की है। शव पर सिर और शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से गोदने के निशान पाए गए। परिजनों का कहना है कि हत्या के बाद अपराधियों ने शव को पोखर में फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सदर डीएसपी-1 नुरुल हक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से ताश के पत्ते भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही मामले के खुलासे का दावा कर रही है।