राज्य
06-Sep-2025
...


-बिहार की राजनीति में क्रिया की प्रतिक्रिया वाला माहौल बना पटना,(ईएमएस)। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गर्माहट तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर भाजपा-जदयू गठबंधन सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा से 10 बड़े सवाल पूछे तो एनडीए ने भी जवाब देते हुए पलटवार कर दिया है। तेजस्वी यादव ने सवाल पूछते हुए कहा, कि डबल इंजन की सरकार ने बिहार की दो पीढ़ियों का जीवन बर्बाद कर दिया है। तेजस्वी ने कहा, कि जब भाजपा-जदयू के नेता वोट मांगने आएं, तो जनता उनसे पूछे, कि बिहार आज भी सबसे गरीब राज्य क्यों है? महिलाएं असुरक्षित क्यों हैं? स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल क्यों है? अपराध का ग्राफ लगातार ऊंचा क्यों है? भ्रष्टाचार पर लगाम क्यों नहीं लगी? बेरोजगारी दर सबसे अधिक क्यों है? पलायन कब खत्म होगा? पर्याप्त स्कूल भवन क्यों नहीं बने? नए उद्योग-धंधे क्यों नहीं लगे? और अंत में शिक्षा व्यवस्था चौपट क्यों है? इसी के साथ तेजस्वी ने दावा किया, कि इन सवालों का ठोस जवाब भाजपा और नीतीश कुमार नहीं दे पाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बिहार को पिछड़ेपन, पलायन और बेरोजगारी की ओर धकेला है। इस पर भाजपा ने पलटवार करते हुए सोशल मीडिया पर ही जवाब देने जैसा काम कर दिखाया है। दरअसल तेजस्वी के आरोपों का जवाब भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए दिया। उन्होंने लिखा, कि बिहार की बदहाली की जड़ लालू-राबड़ी के जंगल राज में है। भाजपा के मुताबिक गरीबी, महिलाओं की असुरक्षा और अपराध की शुरुआत आरजेडी शासन में हुई। स्वास्थ्य और शिक्षा की दुर्दशा भी उसी दौर की देन है। चारा घोटाले जैसे भ्रष्टाचार ने बिहार की छवि बिगाड़ी। आरजेडी के दौर में निवेशक डरकर भागे, जबकि आज राज्य में निवेश आ रहा है। भाजपा का दावा है कि मौजूदा सरकार में स्कूल भवन बन रहे हैं, शिक्षकों की बहाली हो रही है और महिलाओं की सुरक्षा में सुधार हुआ है। कुल मिलाकर, बिहार में चुनावी माहौल में तेजस्वी बनाम एनडीए की जहां सीधी टक्कर साफ नजर आने लगी है, वहीं क्रिया की प्रतिक्रया वाली राजनीति शुरु हो गई है। जनता के समक्ष खुद को सच्चा और दूसरे को झूठा बताने दोनों पक्ष अपनी-अपनी दलीलें रख रहे हैं। हिदायत/ईएमएस 06सितंबर25