अंतर्राष्ट्रीय
06-Sep-2025


पाकिस्तान ने आपत्ति जताई थी काबुल(ईएमएसा)। तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी की इस महीने भारत आने की योजना रद्द हो गई। इसके पीछे की वजह है संयुक्त राष्ट्र के यात्रा प्रतिबंध, जिनमें छूट नहीं मिल सकी। अगर यह यात्रा होती, तो 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद काबुल से किसी मंत्री की भारत की पहली यात्रा होती। संयुक्त राष्ट्र की 1988 प्रतिबंध समिति तालिबान नेताओं पर यात्रा प्रतिबंध, संपत्ति जब्ती और हथियारों पर रोक की निगरानी करती है। इसका अध्यक्ष वर्तमान में पाकिस्तान है, पाकिस्तान ने मुत्तकी को छूट देने से इनकार किया। इस समिति में सुरक्षा परिषद के 15 सदस्य शामिल हैं, और अगर एक भी सदस्य आपत्ति जताए, तो छूट नहीं मिलती। पिछले महीने मुत्तकी की पाकिस्तान यात्रा भी अमेरिका की आपत्ति के कारण रद्द हुई थी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि अफगानिस्तान के लोगों से हमारे पुराने रिश्ते हैं। हम उनके सपनों और विकास की जरूरतों का साथ देते हैं। अफगान अधिकारियों से हमारी बातचीत चल रही है। यह यात्रा मई में मुत्तकी और विदेश मंत्री एस जयशंकर की फोन कॉल का फॉलो-अप थी। यह दोनों तरफ का पहला हाई-लेवल संपर्क था। जनवरी में दुबई में विदेश सचिव विक्रम मिसरी से मुत्तकी की मुलाकात भी हुई थी। अप्रैल में पहलगाम हमले की तालिबान ने निंदा की थी। 1 सितंबर को जयशंकर और मुत्तकी की फिर फोन पर बात हुई, जब भारत ने कुनार भूकंप पीडि़तों को राहत भेजी थी। विनोद उपाध्याय / 06 सितम्बर, 2025