टोक्यो (ईएमएस)। जापान के 23 वर्षीय युवक कोफु अपनी क्लासमेट की 83 वर्षीय दादी आइको के साथ बीते छह महीनों से रिलेशनशिप में हैं। इस अनोखी प्रेम कहानी ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। इस रिश्ते की सबसे बड़ी वजह है इसमें मौजूद 60 साल का उम्र का अंतर। एक रिपोर्ट के अनुसार, कोफु पहली बार अपनी क्लासमेट के घर पहुंचे तो उनकी मुलाकात आइको से हुई और वहीं से इस रिश्ते की शुरुआत हुई। धीरे-धीरे बातचीत और साथ समय बिताने के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं और रिश्ता प्रेम में बदल गया।आइको पहले दो शादियां कर चुकी हैं और उनके एक बेटा, एक बेटी और पांच पोते-पोतियां हैं। तलाक के बाद वह अपने बेटे के परिवार के साथ रहती थीं। वहीं, कोफु यूनिवर्सिटी से ग्रैजुएशन पूरा करने के करीब हैं और फिलहाल एक क्रिएटिव डिजाइन कंपनी में इंटर्नशिप कर रहे हैं। दोनों का कहना है कि यह पहली नजर का प्यार था। आइको ने बताया कि कोफु बेहद विनम्र और जीवंत स्वभाव के हैं, जैसा उन्होंने पहले कभी किसी में नहीं देखा। हालांकि उम्र के इतने बड़े अंतर की वजह से शुरुआत में दोनों ने अपने दिल की बात जाहिर करने से परहेज किया, लेकिन हालात तब बदले जब आइको की पोती ने डिज़नीलैंड का ट्रिप प्लान किया और अंतिम वक्त पर जाने से मना कर दिया। उस दौरान आइको और कोफु अकेले रह गए और सिंड्रेला कैसल के सामने सूर्यास्त के समय कोफु ने आइको से अपने प्यार का इज़हार कर दिया।इसके बाद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वे किसके घर में रह रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस रिश्ते के सार्वजनिक होने के बाद दोनों परिवारों ने उन्हें पूरा समर्थन दिया है। शादी को लेकर अब तक कोई चर्चा नहीं हुई है, लेकिन कोफु का कहना है कि उनके लिए यही काफी है कि हर सुबह सबसे पहले आइको का चेहरा देखने को मिले। वहीं आइको ने कहा कि जब कोफु काम पर जाते हैं तो उन्हें अकेलापन महसूस होता है, लेकिन उनके लिए खाना बनाना उन्हें ऊर्जा देता है। मज़ाकिया अंदाज़ में उन्होंने यह भी बताया कि कोफु रात को सोने से पहले उनके दांत भी ब्रश कराते हैं। इस अनोखी प्रेम कहानी ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। जहां कुछ लोग इसे सच्चे प्यार की मिसाल मान रहे हैं, वहीं कई लोग इतने बड़े उम्र अंतर पर सवाल उठा रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 07 सितंबर 2025