06-Sep-2025


:: आपदा प्रभावित 17,500 किसानों के खातों में ₹20.60 करोड़ की राहत राशि ट्रांसफर :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को समत्व भवन से प्रदेश के 11 जिलों के 17,500 किसानों को ₹20.60 करोड़ की बाढ़ राहत राशि सिंगल क्लिक के जरिए उनके खातों में ट्रांसफर की। यह राशि हाल ही में हुई भारी बारिश से फसलों को हुई क्षति के मुआवजे के रूप में दी गई है। किसानों के साथ वर्चुअल संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अन्नदाताओं की खुशहाली ही सरकार की ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मौसम की मार से किसी भी किसान को बेसहारा नहीं रहने दिया जाएगा। जो होना था, हो चुका। हम अपने किसानों को उनकी फसल क्षति का उचित मुआवजा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सुख-दुख सहित हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और सभी प्रभावितों को राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शिवपुरी, दमोह, अशोकनगर, धार, छतरपुर और रायसेन जिलों के किसानों से सीधा संवाद कर उनका हालचाल जाना। किसानों ने त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि इस मानसून सीजन में प्रदेश में अब तक 1031.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 25% अधिक है। सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 में प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान के लिए अब तक कुल ₹188.52 करोड़ की राहत राशि वितरित की जा चुकी है। प्रकाश/6 सितम्बर 2025