खेल
15-Sep-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। ओलंपिक पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक ने कहा है कि वह जापानी पहलवान साओरी योशिदा की प्रशंसक हैं। इसी लिए उन्होंने अपनी बेटी का नाम योशिदा रखा है। जापानी महिला पहलवान ने लगातार तीन ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतकर अपनी अलग ही पहचान बनायी थी। एथेंस, बीजिंग और लंदन ओलंपिक में 55 किग्रा वर्ग में योशिदा ने तीन स्वर्ण पदक जीते। वहीं रियो में भी उसने रजत पदक जीता था। योशिदा आजकल भारत में हैं और वह कर्नाटक के इंस्पायर इंस्टीट्यूट कोचिंग कैंप में जरुरी टिप्स देती हैं। साक्षी ने योशिदा के साथ बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। इसमें साक्षी ने कहा, आपको भारत में देखकर मुझे बहुत खुशी हुई। आप भारत की सभी लड़कियों के लिए एक प्रेरणा हैं। मेरी बेटी आठ महीने की है और मैंने उसका उसका नाम भी योशिदा ही रखा है। योशिदा विश्व चैंपियनशिप में छायी रहीं थीं। वह साल 2002 से लेकर 2015 तक इसमें लगातार जीतती रहीं। योशिदा 2007 में जापानी एथलीट ऑफ द ईयर का पुरस्कार पाने वाली पहली महिला बनीं। गिरजा/ईएमएस 15 सितंबर 2025