वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी दक्षिणपंथी कार्यकर्ता चार्ली किर्क की हत्या के बाद पूरे अमेरिका में सनसनी के साथ ही तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। वहीं हत्या के एक संदिग्ध आरोपी टाइलर रॉबिंसन को गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रॉबिंसन एक ट्रांसजेंडर के साथ रिलेशन में था। वे दोनों एक ही फ्लैट में रहते थे। जानकारी के मुताबिक रॉबिंसन के पार्टनर पर हत्या में शामिल होने का कोई आरोप नहीं है। हालांकि उससे पूछताछ की जा रही है। रॉबिंसन के पार्टनर का नाम लैंस ट्विग्स बताया गया है। रॉबिंसन के घर वालों ने भी पुष्टि की है कि वे दोनों साथ में ही रहते थे। हालांकि उन्होंने रोमांटिक रिलेशन के बारे में कुछ नहीं बताया। जांच अधिकारियों ने कहा कि अगर कोई रॉबिंसन का इतना करीबी है तो ऐसा नहीं हो सकता कि उसे कुछ भी जानकारी ना हो। अगर वह हत्या में शामिल नहीं था तब भी उसके पास साजिश को लेकर जानकारी पहले से जरूर रही होगी। पुलिस ने रॉबिंसन के फ्लैट की जांच में एक माउजर और 30 कैलिबनर ऐक्शन राइफल भी बरामद की है। इसके अलावा उसके पास से कई ऐसे दस्तावेज मिले हैं जो कि उसपर लगे आरोपों को पुख्ता करते हैं। अधिकारियों का कहना है कि किर्क एलजीबीटीक्यू के खिलाफ अजेंडा चलाते थे और इसलिए रॉबिंसन उनका दुश्मन बन गया था। रिपोर्ट के मुताबिक यूटा के गर्वनर ने इस हत्या को राजनीति से जोड़ते हुए कहा है कि रॉबिंसन वामपंथी विचारधारा से जुड़ा था। हालांकि उसका परिवार हमेशा से ही रिपब्लिकन से जुड़ा रहा। परिवार से विवाद होने की वजह से ही वह अलग रहता था। बता दें किर्क की बुधवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बारे में पुलिस ने कहा कि यह एक लक्षित हमला था और यूटा के गवर्नर ने इसे राजनीतिक हत्या बताया। बता दें किर्क गैर-लाभकारी राजनीतिक संगठन के सह-संस्थापक थे और ट्रंप के करीबी सहयोगी थे। गोलीबारी के समय किर्क यूटा वैली विश्वविद्यालय में ‘टर्निंग पॉइंट’ द्वारा आयोजित एक परिचर्चा को संबोधित कर रहे थे। तभी उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। सिराज/ईएमएस 15 सितंबर 2025