राज्य
16-Sep-2025
...


गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने सोमवार, 15 सितंबर, 2025 को महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में शपथ ली है। मुंबई स्थित राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में, बॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश चंद्रशेखर ने आचार्य देवव्रत को पद की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने संस्कृत में शपथ ली, जिससे उपस्थित सभी लोग आश्चर्यचकित रह गए। शपथ ग्रहण के बाद मुख्य न्यायाधीश, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। इस अवसर पर भारतीय नौसेना की ओर से राज्यपाल को विशेष सम्मान दिया गया। शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत में राष्ट्रगान और राज्यगान गाए जाने के बाद महाराष्ट्र के मुख्य सचिव राजेश कुमार ने आचार्य देवव्रतजी की राज्यपाल के रूप में नियुक्ति के संबंध में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा जारी अधिसूचना पढ़ी। इसके बाद राज्यपाल ने संस्कृत में शपथ ली और पदभार ग्रहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान और राज्यगान के साथ शपथ ग्रहण समारोह का समापन हुआ। यहां यह उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन के भारत के उपराष्ट्रपति चुने जाने के कारण यह पद रिक्त हुआ था। तदनुसार, राष्ट्रपति ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र के राज्यपाल पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। सतीश/16 सितंबर