* स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, वृद्धजनों की सेवा सहित अन्य जनकल्याण गतिविधियों की रूपरेखा की गयी तय कोरबा (ईएमएस) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम को प्रभावी एवं संगठित रूप से संपन्न कराने हेतु बांकीमोंगरा मंडल द्वारा भव्य मंडल स्तरीय सेवा पखवाड़ा कार्यशाला का आयोजन जिला भाजपा कार्यालय में संपन्न हुआ। कार्यशाला का सफल संचालन बांकीमोंगरा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नरेंद्र देवांगन ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सेवा पखवाड़ा के गूढ़ उद्देश्य पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए बताया कि सेवा पखवाड़ा समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक सेवा का संदेश पहुँचाने तथा पार्टी के प्रति जनविश्वास को सशक्त बनाने का अनमोल अवसर है। कार्यशाला में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले विभिन्न महत्त्वपूर्ण जनसेवा गतिविधियों की रूपरेखा विस्तार पूर्वक प्रस्तुत की गई। विशेष रूप से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, स्वच्छता अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों की सफाई, वृद्धजनों का सम्मान व सेवा, रक्तदान शिविर का आयोजन, गरीब और जरूरतमंदों में वस्त्र वितरण, तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यों को प्राथमिकता दी गई। कार्यक्रम संयोजक अनीता राजपूत (महामंत्री) ने सेवा पखवाड़ा की रूपरेखा को संजीदगी से प्रस्तुत करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से हर गतिविधि में बढ़-चढ़कर भाग लेने एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाकर कार्य करने का आग्रह किया। कार्यशाला में मंडल के सभी पदाधिकारीगण, पार्षदगण, वरिष्ठ कार्यकर्ता, तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने मिलकर एक स्वर में यह संकल्प लिया कि वे सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित हर कार्यक्रम को अपनी पूरी निष्ठा, समर्पण, और ईमानदारी से सफल बनाएंगे। कार्यक्रम का समापन मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यह अभियान केवल पार्टी की प्रतिबद्धता नहीं, अपितु समाज की बेहतरी के प्रति एक सेवा भाव है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सेवा कार्यों के प्रति गहरी समझ विकसित कर जनकल्याणकारी गतिविधियों का भरपूर सक्रियता से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। यह कार्यशाला आगामी सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम को सफल बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। कार्यकर्ताओं का उत्साह व प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखा, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि आगामी दिनों में पूरे मंडल में जनहितकारी अन्य गतिविधियाँ भी संपन्न होंगी। 16 सितंबर / मित्तल