:: पुलिस उपायुक्त यातायात को हटाया, आठ अधिकारी-कर्मचारी निलंबित :: :: मृतकों को ₹4 लाख और घायलों को ₹1 लाख की आर्थिक सहायता :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर में हुई दुखद सड़क दुर्घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इस हादसे को बेहद विचलित करने वाला बताया और कहा कि वे स्वयं इस घटना से व्यथित हैं। रातभर की बेचैनी के बाद, उन्होंने अपने सभी कार्यक्रम रद्द किए और सीधे इंदौर पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में जाकर घायलों का हालचाल जाना और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सकों को निर्देश दिए। :: पुलिस उपायुक्त यातायात हटाए गए, 8 अधिकारी-कर्मचारी निलंबित :: राज्य सरकार ने इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर, दोषियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की गई है। पुलिस उपायुक्त यातायात अरविंद तिवारी को उनके पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय, भोपाल में अटैच कर दिया गया है। इसके अलावा, प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए आठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। इनमें सहायक पुलिस आयुक्त सुदेश सिंह, प्रभारी एएसआई (बिजासन) प्रेम सिंह, सूबेदार प्रभारी (सुपर कोरिडोर) चन्द्रेश मरावी, निरीक्षक (सुपर कोरिडोर से एरोड्रम) दीपक यादव और ड्यूटी पर तैनात चार कांस्टेबल शामिल हैं। :: पीड़ितों के लिए आर्थिक सहायता :: मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता की घोषणा की। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। इस घटना के बाद, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिला प्रशासन, पुलिस, संबंधित विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ एक संयुक्त बैठक भी की। बैठक में उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) को घटना की विस्तृत जांच करने और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। साथ ही, यातायात नियंत्रण के लिए ड्रोन जैसे तकनीकी संसाधनों का उपयोग करने, एलिवेटेड ब्रिज सहित नए निर्माण की संभावनाओं का पता लगाने और जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक कर सुझाव लेने का भी निर्देश दिया है। उन्होंने दुर्घटना के दौरान बचाव कार्य में लगे लोगों की सराहना की और घोषणा की कि कांस्टेबल पंकज यादव और ऑटो रिक्शा चालक अनिल कोठारी को उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। प्रकाश/16 सितम्बर 2025