सारण (ईएमएस)। मढ़ौरा में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार की सुबह टहलने निकली एक वृद्ध महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने का जिउतिया छीन लिया और फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, बाबू के असोईयां निवासी बाबूलाल राय की पत्नी कौशल्या देवी रोजाना की तरह सुबह पांच बजे टहलने निकली थीं। घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचते ही बाइक पर सवार दो युवक आए और शिल्हौरी व मढ़ौरा का रास्ता पूछने लगे। जब महिला आगे बढ़ीं तो बदमाशों ने अचानक उनके गले से सोने का गहना झपट लिया और जगनछपरा की ओर फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक अपराधी निकल चुके थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और खासकर महिलाओं में भय का माहौल व्याप्त हो गया। अपराधियों का महिलाओं पर लगातार निशाना बताया जाता है कि पिछले दो महीनों में मढ़ौरा में बाइक सवार बदमाशों ने कई महिलाओं को निशाना बनाया है। अपराधी अक्सर रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोकते हैं और गले से चेन या मंगलसूत्र छीनकर भाग जाते हैं। हालांकि, पुलिस ने 31 अगस्त को एक मामले का खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन इसके बावजूद घटनाओं का सिलसिला जारी है। ताजा वारदात से यह साफ है कि चेन स्नैचिंग पर अंकुश लगाने में पुलिस अब तक नाकाम साबित हो रही है।