सासाराम,(ईएमएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को बिहार के रोहतास जिले के डेहरी में 10 जिलों के चयनित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान शाह ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला और एनडीए को ही बिहार के विकास का विकल्प बताया। उन्होंने कहा कि एनडीए जितना मजबूत होगा, बिहार उतना समृद्ध होगा। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव बिहार का विकास नहीं कर सकते। उनके शासनकाल में राज्य फिरौती और हत्या जैसी घटनाओं से जकड़ा रहा, जिससे समृद्धि की राह अवरुद्ध हुई। उन्होंने कहा कि अगर युवाओं को आगे बढ़ना है और बिहार को विकास की राह पर ले जाना है, तो आने वाले चुनाव में एनडीए की सरकार को वोट देकर मजबूत बनाना होगा। इसी के साथ गृह मंत्री शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि अन्य दलों में नेता चुनाव जीतते हैं, जबकि भाजपा में कार्यकर्ता ही चुनाव जिताते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस क्षेत्र की 80 प्रतिशत सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों को विजयी बनाएं। शाह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा को घुसपैठिये बचाओ यात्रा करार दिया। उन्होंने सवाल करते हुए कहा, क्या घुसपैठियों को वोट देने का अधिकार होना चाहिए? क्या उन्हें राशन या आयुष्मान कार्ड मिलना चाहिए? शाह ने कहा कि विपक्ष सत्ता में आया तो घुसपैठ बढ़ेगी। केंद्रीय मंत्री शाह ने लालू यादव पर चारा घोटाला, लैंड फॉर जॉब स्कैम और जेल में घोटाले का आरोप दोहराते हुए कहा कि एक तरफ भ्रष्टाचार से भरी सरकार है, तो दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी की सरकार है, जिस पर एक भी भ्रष्टाचार का दाग नहीं है। नीतीश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने हाल में कई जनहितकारी निर्णय लिए हैं, इनमें 125 यूनिट मुफ्त बिजली, सामाजिक पेंशन की राशि में वृद्धि आदि हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार करने वाले बिहार की भलाई नहीं कर सकते। बिहार का भविष्य एनडीए है। हिदायत/ईएमएस 18सितंबर25