राष्ट्रीय
19-Sep-2025
...


राहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी सांसद निशिकांत ने किया पलटवार नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वह वोट चोरों को संरक्षक हैं। उन्होंने ये भी कहा था कि देश के युवा और जेनरेशन जेड (जेन-ज़ी) संविधान बचाएंगे, लोकतंत्र की रक्षा करेंगे और वोट चोरी रोकेंगे। अब इस पर झारखंड के गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने पलटवार किया है। निशिकांत ने एक्स पर पोस्ट में लिखा- जेन-ज़ी परिवार वाद के खिलाफ है। वह नेहरु जी, इंदिरा जी, राजीव जी, सोनिया जी के बाद राहुल जी को क्यूँ बर्दाश्त करेगा? वह भ्रष्टाचार के खिलाफ है, आपको क्यूँ नहीं भगाएगा? वह बांग्लादेश में इस्लामिक राष्ट्र और नेपाल में हिंदू राष्ट्र बनाना चाहता है, वह भारत को हिंदू राष्ट्र क्यूँ नहीं बनाएगा? देश छोड़ने की आप करो तैयारी आ रहे हैं…। बता दें इससे पहले एक्स पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने जोर देकर कहा था कि भारत की जनरेशन जेड संविधान की रक्षा और लोकतंत्र की रक्षा में निर्णायक भूमिका निभाएगी, और वोट चोरी के खिलाफ उनकी लड़ाई में उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने लिखा था- देश के युवा, देश के स्टूडेंट, देश की जेन-ज़ी संविधान को बचाएंगे, लोकतंत्र की रक्षा करेंगे और वोट चोरी को रोकेंगे। मैं उनके साथ हमेशा खड़ा हूं। जय हिंद! राहुल ने गुरुवार को पहली बार जेन जेड शब्द का इस्तेमाल किया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दुबे ने राहुल गांधी की पोस्ट पर पलटवार करते हुए कहा कि वह अब देश छोड़ने की तैयारी करें। बता दें राहुल गांधी ने गुरुवार को नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में आरोप लगाया था कि कर्नाटक में सुनियोजित तरीके से सिस्टम को हाइजैक कर करीब 6800 वोटों को डिलीट कर दिया गया था और जब कर्नाटक सीआईडी ने इस मामले में जांच करते हुए चुनाव आयोग को 18 महीने में 18 चिट्ठी लिखी हैं, तब भी केंद्रीय चुनाव आयोग की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया, जो यह दर्शाता है कि चुनाव आयोगी की उसमें मिलीभगत है। चुनाव आयोग ने तुरंत राहुल गांधी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उसे गलत और आधारहीन बताया। आयोग ने यह भी कहा कि ऑनलाइन वोट डिलीट नहीं हो सकते और उसकी एक नियत प्रक्रिया है। इसके तहत प्रभावित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाता है। बीजेपी ने कहा है कि संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ गांधी के बार-बार आरोप भारतीय लोकतंत्र में उनकी और कांग्रेस के अविश्वाश को दर्शाता है। बता दें हाल में नेपाल की युवा पीढ़ी जेन-ज़ी ने सोशल मीडिया पर बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जोरदार आंदोलन किया था। जेनरेशन जेड या जेन-ज़ी का आशय एक पूरी पीढ़ी से है। इसमें वे लोग शामिल होते हैं जिनका जन्म करीब 1997 से 2012-2015 के बीच हुआ है यानी इसमें किशोर और युवा वयस्कों को रखा जाता है। इससे पहले की पीढ़ी को मिलेनियल्स कहा जाता है। सिराज/ईएमएस 19सितंबर25