राज्य
22-Sep-2025
...


पटना,(ईएमएस)। बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनैतिक हलचल तेज हो गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस हफ्ते टीम के साथ बिहार आने वाले हैं, जिसे चुनावी तैयारियों की आधिकारिक शुरुआत माना जा रहा है। चुनाव आयोग 22 नवंबर तक नई विधानसभा के गठन की समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए चुनाव कार्यक्रम का ऐलान दशहरा और दीवाली के बीच कर सकते हैं। हालांकि, इस बीच छठ का पर्व भी आ रहा है, जिसकी वजह से मतदान की तारीखों को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। फिलहाल बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम चल रहा है और अंतिम मतदाता सूची 30 सितंबर तक प्रकाशित की जाएगी। माना जा रहा है कि इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही आयोग चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा। बता दें पिछले विधानसभा चुनाव 2020 में तीन चरणों में कराए गए थे। इस बार भी चुनाव बहु-चरणीय होने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन कुछ रिपोर्ट्स में दो चरणों में मतदान की संभावना जताई जा रही है। चुनाव आयोग दशहरा, दीवाली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों को ध्यान में रखते हुए मतदान का कार्यक्रम तय करेगा ताकि मतदान प्रक्रिया और धार्मिक आयोजनों बीच में ना टकराएं। सिराज/ईएमएस 22सितंबर25