अमरावती,(ईएमएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को विधानसभा में स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली और फिटनेस की सराहना की। उन्होंने कहा कि जैसे प्रधानमंत्री मोदी ने कभी छुट्टी नहीं ली, वैसे ही उन्होंने भी आज तक एक दिन की छुट्टी नहीं ली है। सीएम नायडू ने संतुलित खानपान को अच्छा स्वास्थ्य बनाए रखने की कुंजी बताया। उन्होंने कहा, खाना ही दवा है और रसोई ही फार्मेसी है। यदि हम इसे अपनाएं तो कई बीमारियों से बच सकते हैं। मजाकिया लहजे में उन्होंने टिप्पणी की कि आजकल लोग 40 साल में ही 120 साल का खाना खा लेते हैं, जो बीमारियों की जड़ है। इस पर विधानसभा में ठहाके गूंज उठे। मुख्यमंत्री नायडू ने आंध्र प्रदेश में बढ़ते सी-सेक्शन ऑपरेशनों को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में 56.62प्रतिशत डिलीवरी सी-सेक्शन से हो रही हैं, जो देश में सबसे ज्यादा है। इनमें से 90प्रतिशत ऑपरेशन निजी अस्पतालों में हो रहे हैं। नायडू ने आरोप लगाया कि डॉक्टर पैसे के लालच में सामान्य प्रसव को हतोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव को निर्देश दिया कि निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों को बैठक के लिए बुलाया जाए और उन्हें सख्त संदेश दिया जाए कि सरकार इस प्रवृत्ति का समर्थन नहीं करती। नायडू ने कहा, कि ऑपरेशन आखिर ऑपरेशन ही है। भगवान ने जो शरीर दिया है, उसे बिना कारण काटना सही नहीं है। सीएम ने यह भी कहा कि कुछ परिवार शुभ मुहूर्त के आधार पर डिलीवरी की तारीख तय करते हैं, जो प्राकृतिक गर्भावस्था चक्र में हस्तक्षेप है। यहां पर विपक्षी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए नायडू ने कहा कि सरकार मेडिकल कॉलेजों का निजीकरण नहीं कर रही, बल्कि पीपीपी मॉडल के तहत उन्हें विकसित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष विधानसभा चर्चा से भाग रहा है और बाहर झूठा प्रचार कर रहा है। नायडू ने कहा कि जनता के हित में काम करना उनकी प्राथमिकता है और इस पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हिदायत/ईएमएस 24सितंबर25