वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका में जेंडर आइडेंटिटी को लेकर सामाजिक दृष्टिकोण और परिचय की नई तस्वीर सामने आई है। पेव रिवर्च सेंटर की एक ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी किशोर वयस्कों की तुलना में नॉनबाइनरी व्यक्तियों को अधिक जानते हैं, जबकि वयस्कों में ट्रांसजेंडर लोगों से परिचय का प्रतिशत ज्यादा है। हाल ही में किए गए इस अध्ययन में पाया गया कि 13–17 वर्ष के किशोरों में 36 प्रतिशत कहते हैं कि वे किसी ट्रांसजेंडर व्यक्ति को जानते हैं और 28 प्रतिशत किसी नॉनबाइनरी व्यक्ति को। इसके उलट, 40 प्रतिशत अमेरिकी वयस्क किसी ट्रांसजेंडर व्यक्ति को जानते हैं, जबकि 23 प्रतिशत नॉनबाइनरी को। उम्र और लिंग के आधार पर अंतर रिपोर्ट से यह भी पता चला कि 15 से 17 वर्ष के किशोरों में ट्रांसजेंडर और नॉनबाइनरी व्यक्तियों से परिचय की संभावना 13-14 वर्ष के किशोरों की तुलना में अधिक है। खासतौर पर लड़कियों में यह अनुपात अधिक दर्ज हुआ। 15–17 वर्ष की लड़कियों में 49 प्रतिशत ने कहा कि वे किसी ट्रांसजेंडर को जानती हैं, जबकि लड़कों में यह आंकड़ा 32 प्रतिशत है। नॉन बाइनरी परिचय में भी यही अंतर है, इसमें 37 प्रतिशत लड़कियां और 25 प्रतिशत लड़के हैं। 13–14 वर्ष की लड़कियों में 37 प्रतिशत ट्रांसजेंडर और 27 प्रतिशत नॉन बाइनरी परिचय दर्ज हुआ, जबकि लड़कों में यह क्रमशः 20 प्रतिशत और 14 प्रतिशत रहा। राजनीतिक विचारधारा का असर जेंडर आइडेंटिटी की समझ और परिचय पर राजनीतिक झुकाव का भी गहरा असर दिखा। किशोरों में: डेमोक्रेटिक झुकाव वाले 41 प्रतिशत किशोर किसी ट्रांसजेंडर को जानते हैं, जबकि रिपब्लिकन झुकाव वाले किशोरों में यह आंकड़ा 32 प्रतिशत है। नॉनबाइनरी के मामले में डेमोक्रेटिक किशोर 32 प्रतिशत और रिपब्लिकन 24 प्रतिशत हैं। वयस्कों में: 47प्रतिशत डेमोक्रेटिक और 33 प्रतिशत रिपब्लिकन किसी ट्रांसजेंडर को जानते हैं। नॉनबाइनरी परिचय में यह अनुपात क्रमशः 32 प्रतिशत और 16 प्रतिशत है। विचारधारा और सोच रिपोर्ट यह भी बताती है कि किशोर और वयस्क दोनों का बड़ा हिस्सा मानता है कि किसी व्यक्ति का जेंडर जन्म के समय निर्धारित सेक्स से तय होता है। हालांकि, जेंडर-न्यूट्रल सर्वनाम के इस्तेमाल को लेकर किशोर और वयस्क लगभग समान रूप से सहज पाए गए। इस प्रकार अध्ययन यह संकेत देता है कि अमेरिकी समाज में किशोरों की सामाजिक पहचान और परिचय बदल रहा है। किशोर विशेष रूप से नॉन बाइनरी व्यक्तियों से अधिक परिचित हो रहे हैं, जबकि वयस्कों में अब भी ट्रांसजेंडर परिचय का प्रतिशत प्रमुख है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव आने वाले वर्षों में अमेरिकी समाज की सोच और नीतियों पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकता है। हिदायत/ईएमएस 01 अक्टूबर 2025