रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ की राजधानी के नवा रायपुर अटल नगर स्थित आईआईएम में इस साल पहली बार अखिल भारतीय डीजीपी-आईजी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह तीन दिवसीय सम्मेलन 28 से 30 नवंबर तक चलेगा, जिसमें देशभर के पुलिस महानिदेशक, महानिरीक्षक और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। सम्मेलन का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है।इस सम्मेलन में आंतरिक सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियान, आतंकवाद, ड्रग्स नियंत्रण और साइबर सुरक्षा जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, केंद्र और राज्य सरकारों ने 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य तय किया है। इस दिशा में हाल के महीनों में हुई बड़ी नक्सली वारदातों पर कार्रवाई और आत्मसमर्पणों की बढ़ती संख्या को भी सम्मेलन में प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। 60वीं डीजीपी-आईजी कांफ्रेंस में इस बार नक्सल प्रभावित राज्यों, खासकर छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त रणनीति से मिली हालिया सफलताओं और आगे की कार्ययोजना पर मंथन होगा। सम्मेलन में नक्सलमुक्त इलाकों में विकास कार्यों के रोडमैप पर भी चर्चा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अक्टूबर की शाम रायपुर पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन 1 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद नवंबर के अंतिम सप्ताह में वे फिर रायपुर आएंगे और डीजीपी-आईजी सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करेंगे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)04 अक्टूबर 2025