मुंबई,(ईएमएस)। जाने-माने फिल्म और टीवी अभिनेता पंकज धीर का बुधवार को निधन हो गया है। उन्हें कैंसर था, जिससे वह कुछ समय पहले ठीक हो गए थे, लेकिन बीमारी के लौटने और नाजुक स्वास्थ्य के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। इतना ही नहीं उन्हें एक बड़ी सर्जरी से भी गुज़रना पड़ा था। पंकज धीर को सबसे ज्यादा शौहरत और पहचान बीआर चोपड़ा की मशहूर सीरियल महाभारत (1988) में कर्ण का किरदार निभाने के लिए मिली। महाभारत सीरियल में कर्ण का किरदार निभाने के बाद पंकज को फिल्मी दुनिया में काफी मदद मिली। उन्होंने कई टीवी शो (जैसे चंद्रकांता, द ग्रेट मराठा) और फिल्मों (जैसे सोल्जर, बादशाह, सड़क) में काम किया। उन्होंने शुरू में अर्जुन के रोल के लिए ऑडिशन दिया था, लेकिन उन्हें कर्ण का रोल मिला। लेकिन इसके बाद भी उन्होंने कर्ण के किरदार को जीवंत कर दिया था। उनके निधन की खबर आते ही पूरे टीवी और फिल्म इंडस्ट्री और फैंस में शोक की लहर है। सीनेटा (सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन) ने भी उनके निधन पर दुख जताया है। बता दें कि वे सीनेटा के पूर्व जनरल सेक्रेटरी भी रहे थे। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले में शाम 4:30 बजे किया जाएगा। वह अपने पीछे पत्नी अनीता धीर (जो एक्ट्रेस हैं) और बेटे निकितन धीर को छोड़ गए हैं। निकितन धीर भी शोबिज़ में सक्रिय हैं और उन्होंने श्रीमद् रामायण में रावण का रोल निभाया है। आशीष दुबे / 15 अक्टूबर 2025