-अमेरिकी विदेश नीति के एक्सपर्ट टेलिस पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद का रहे हैं हिस्सा वॉशिंगटन,(ईएमएस)। भारतीय मूल के अमेरिकी विदेश नीति एक्सपर्ट एश्ले टेलिस को गिरफ्तार किया गया है। टेलिस पर गोपनीय राष्ट्रीय रक्षा दस्तावेज रखने और चीनी अफसरों के साथ सीक्रेट बैठकें करने का आरोप है। भारत में जन्में और अब अमेरिकी नागरिक एश्ले टेलिस साल 2001 से विदेश विभाग के सलाहकार के रूप में काम कर रहे हैं। यहां बताते चलें कि भारतीय मूल के एश्ले टेलिस पूर्व रिपब्लिकन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद का हिस्सा रहे हैं। कोर्ट में दायर एफबीआई के दस्तावेजों में उन्हें विदेश विभाग के अवैतनिक सलाहकार और अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के ठेकेदार के रूप में लिस्ट किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई में जन्मे टेलिस ने भारत और दक्षिण एशिया पर एक मजबूत आवाज के रूप में वॉशिंगटन में अपनी पहचान बनाई। अमेरिकी सरकार और थिंक टैंकों में उन्होंने अहम भूमिकाएं निभाईं। टेलिस को भारत के मामले में अमेरिका के सबसे प्रमुख विशेषज्ञों में से एक माना जाता है। उन्हें साल 2000 के दशक के बीच में अमेरिका-भारत असैन्य परमाणु समझौते में अहम भूमिका निभाने के लिए जाना जाता है। कोर्ट में पेश दस्तावेजों से पता चलता है कि टेलिस को पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया गया था और सोमवार को उन पर आरोप लगाए गए। वर्जीनिया जिला कोर्ट में 13 अक्टूबर को दायर हलफनाफे के मुताबिक एश्ले टेलिस पर राष्ट्रीय रक्षा सूचना के कानून का उल्लंघन का आरोप है। एफबीआई को उनके घर पर छापेमारी के दौरान 1000 पन्नों से ज्यादा के दस्तावेज मिले, जिन पर टॉप सीक्रेट और सीक्रेट मार्क था। 64 साल एश्ले टेलिस का जन्म मुंबई में हुआ था और उन्होंने अपनी स्नातक और परास्तानक की पढ़ाई सेंट जेवियर्स से की। उन्होंने राजनीति विज्ञान में पीएचडी की पढ़ाई करने शिकागो यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया और डिग्री हासिल की। टेलिस ने अमेरिका में रहते हुए भारत और दक्षिण एशिया को लेकर अपनी खास पहचान बनाई। उन्होंने नई दिल्ली में अमेरिकी राजदूत के वरिष्ठ सलाहकार के रूप में भी काम किया। सिराज/ईएमएस 16 अक्टूबर 2025