वॉशिंगटन (ईएमएस)। मोटे से पतले होने वाले लोगों को मिलने वाली “आप बहुत अच्छे लग रहे हैं” जैसी तारीफ़ें खतरनाक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती हैं। क्वींसलैंड विश्वविद्यालय की शोधकर्ता इवांगेलिन गार्डिनर और ग्रिफ़िथ विश्वविद्यालय की लिली ओ’हारा ने चेतावनी दी है कि जब किसी व्यक्ति को वजन घटाने के लिए तारीफ़ दी जाती है, तो यह संदेश केवल शरीर की सुंदरता और पतलेपन तक सीमित रह जाता है। ऐसे में व्यक्ति की मानसिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है और उनके मन में अवास्तविक अपेक्षाएं भी जन्म ले सकती हैं। शोधकर्ताओं ने इस विषय पर पांच प्रमुख कारण बताए हैं कि क्यों वजन घटाने की तारीफ़ करना सही नहीं है। सबसे पहला कारण यह है कि यह पतले शरीर को श्रेष्ठ दिखाता है और भारी शरीर वाले लोगों को कम मूल्यवान समझने का संदेश देता है। दूसरे, इस तरह की तारीफ़ केवल दिखावे तक सीमित मूल्यांकन करती है और व्यक्ति की अन्य योग्यताओं, प्रतिभाओं और व्यक्तित्व को नजरअंदाज कर देती है। तीसरा, यह शारीरिक विविधता को अनदेखा करती है, जबकि हर व्यक्ति का शरीर अलग आकार और प्रकार का होता है। चौथा कारण यह है कि वजन घटाना हमेशा जानबूझकर नहीं होता; कभी-कभी यह स्वास्थ्य, तनाव, जीवनशैली या आर्थिक कारणों से भी हो सकता है। और पांचवा, यह खराब खानपान और अनियमित जीवनशैली को बढ़ावा देने वाले व्यवहार को प्रोत्साहित कर सकता है। इस तरह की तारीफ़ से लोग पुरानी नकारात्मक सोच में फंस सकते हैं और सही स्वास्थ्य विकल्पों की ओर ध्यान कम हो सकता है। शोधकर्ताओं ने सुझाव दिया है कि किसी व्यक्ति की तारीफ़ करते समय उनके वजन पर ध्यान देने की बजाय उनकी मुस्कान, उपलब्धियां, खुशी, स्वास्थ्य या सकारात्मक व्यवहार जैसी विशेषताओं को सराहा जाना चाहिए। इसके अलावा, वजन से संबंधित टिप्पणियों को अनसुना करना या उचित प्रतिक्रिया न देना भी एक सुरक्षित और सकारात्मक दृष्टिकोण हो सकता है। इस मामले पर साइज़ इनक्लूसिव हेल्थ ऑस्ट्रेलिया, बटरफ्लाई फाउंडेशन और नेशनल ईटिंग डिसऑर्डर्स कोलैबोरेशन व्यापक जानकारी उपलब्ध कराते हैं। सुदामा/ईएमएस 19 अक्टूबर 2025