बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों के आधार कार्ड अपडेट करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत बिलासपुर ज़िले में 22 से 31 अक्टूबर तक सभी सरकारी स्कूलों में आधार अपडेट शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान छात्रों के नाम, जन्मतिथि या अन्य विवरणों में सुधार के साथ अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट का कार्य किया जाएगा। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में आयोजित कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि 31 अक्टूबर तक प्रत्येक विद्यार्थी का आधार कार्ड अद्यतन कर अपार आईडी तैयार की जाए। इसके लिए ज़िला स्तर पर चिप्स के अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। ऐसे में अब दीपावली के बाद बिलासपुर ज़िले के शासकीय स्कूलों में आधार अपडेटेशन के लिए शिविर लगाया जाएगा। शिविर में 7 से 15 वर्ष के बायोमेट्रिक अपडेटेशन शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी रामेश्वर जायसवाल ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार 7 से 15 वर्ष की आयु वर्ग के छात्रों के प्रथम बायोमेट्रिक अपडेट के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। बिलासपुर सहित शासन ने सभी ज़िला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित अवधि में विद्यार्थियों के आधार अपडेट और अपार आईडी निर्माण का कार्य पूर्ण किया जाए। कलेक्टर के निर्देश पर बिलासपुर ज़िले में शिविर लगाकर अपडेटेशन का कार्य कराया जाएगा। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 20 अक्टूबर 2025