नई दिल्ली (ईएमएस)। अक्टूबर का महीना अपने अंतिम चरण में है। भारत से मौसम विदा ले चुका है। इसके बाद भी संभावना जताई जा रही है कि देश के 12 राज्यों में बारिश धमाचौकड़ी मचा सकती है। यहां तक की बिजली गिरने की भी संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात के जोर पकड़ने का अनुमान है जिसका असर समुद्री तटों से लेकर देश के भीतरी राज्यों तक देखने को मिलेगा। इस चक्रवात के कारण लगभग 12 से अधिक राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका जताई जा रही है। आईएमडी ने बंगाल की खाड़ी में अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के लिए चक्रवात का अलर्ट जारी किया है जिसके आज (21 अक्टूबर) से और अधिक सक्रिय होने का अनुमान है। चक्रवात का असर दक्षिण प्रायद्वीप, पूर्व, पूर्वोत्तर, मध्य भारत, पश्चिम भारत से लेकर उत्तर भारत तक रहेगा। केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गोवा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश। चेतावनी के बाद स्थानीय बंदरगाहों को खाली कराया जा रहा है। चक्रवात के मार्ग में आने वाले राज्यों में 24 अक्टूबर के बीच मौसम काफी खराब रहने की संभावना है। अंडमान-निकोबार में 21 से लेकर 23 अक्टूबर तक 40-50 किमी/घंटा की रफ़्तार से हवाएँ और भारी बारिश की संभावना है। वहीं तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश में भारी बारिश, बिजली चमकने के साथ 30-40 किमी/घंटा की रफ़्तार से तूफान आ सकता है। ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश 24 अक्टूबर तक हो सकती है। इसी तरह कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र बिजली कड़कने के साथ तूफान की आशंका अगले 2 दिनों तक बनी रहेगी। उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना। अधिकारियों का कहना है कि यह चक्रवात अंडमान-निकोबार से शुरू होकर केरल में प्रवेश करेगा जिसके बाद राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा और हिमाचल तक इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है। वीरेंद्र/ईएमएस/21अक्टूबर2025