30-Oct-2025


भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। प्रदेश के सभी 413 नगरीय निकायों में केन्द्रीयकृत फेस आधारित उपस्थिति प्रणाली सफलतापूर्वक लागू की जा चुकी है, जिसे 1 नवम्बर से अनिवार्य रूप से प्रभावशील कर दिया जाएगा। यह नई व्यवस्था निकायों में कार्यरत सभी शासकीय एवं अशासकीय कर्मचारियों पर समान रूप से लागू होगी। आयुक्त संकेत भोंडवे ने बताया कि यह पहल कर्मचारियों की उपस्थिति प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में नगरीय निकायों में कर्मचारियों के वेतन एवं भुगतान इसी फेस आधारित उपस्थिति के आधार पर किए जाएंगे। वर्तमान में प्रदेश भर में एक लाख 35 हजार से अधिक नगरीय निकाय कर्मचारियों ने इस प्रणाली में अपना पंजीयन पूर्ण करा लिया है। नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी निकायों में यह व्यवस्था सुचारू रूप से कार्य करे। प्रकाश/30 अक्टूबर 2025