राज्य
31-Oct-2025


गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात सरकार ने राज्य के प्रशासनिक तंत्र में बड़ा परिवर्तन किया है। वर्तमान मुख्य सचिव पंकज जोशी आज, 31 अक्टूबर 2025 को सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनके स्थान पर 1990 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी मनोज कुमार दास ने गुजरात के 33वें मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। सेवानिवृत्ति के अंतिम दिन पंकज जोशी ने अपने कक्ष में मनोज कुमार दास का स्वागत किया और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मनोज कुमार दास ने कहा कि मेरे लिए यह गौरव की बात है कि मुझे मुख्य सचिव के रूप में जिम्मेदारी मिली है। आज गुजरात पूरे विश्व में एक ‘ग्रोथ इंजन’ के रूप में जाना जाता है। कई क्षेत्रों में गुजरात अग्रणी है। जहां भी किसी प्रकार की कमी होगी, उसे दूर किया जाएगा। प्रशासनिक प्रक्रियाओं को और सरल बनाने के प्रयास होंगे। मेरा पूरा ध्यान टीम वर्क पर रहेगा। मनोज कुमार दास इससे पहले मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में अधिकार मुख्य सचिव (एसीएस) के रूप में कार्यरत थे और गृह विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। गुजरात कैडर के इस अनुभवी अधिकारी ने पिछले तीन दशकों में राजस्व, बंदरगाह और परिवहन जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों में उत्कृष्ट कार्य किया है। उनकी सेवानिवृत्ति 31 दिसंबर 2026 को निर्धारित है, इसलिए वे वरिष्ठता और लंबी सेवा अवधि के आधार पर मुख्य सचिव पद के लिए सबसे अग्रणी उम्मीदवार माने जा रहे थे। बता दें कि पूर्व मुख्य सचिव पंकज जोशी (1989 बैच) जनवरी 2025 से इस पद पर कार्यरत थे। उन्होंने भी सीएमओ में एसीएस के रूप में सेवाएं दी थीं और राज्य की विकास योजनाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। हालांकि, उनके कार्यकाल को बढ़ाने की अटकलें थीं, परंतु अंततः ऐसा नहीं हुआ। यह नई नियुक्ति आगामी वित्तीय वर्ष के बजट की तैयारियों, वाइब्रेंट गुजरात समिट और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं के संदर्भ में बेहद अहम मानी जा रही है। आज से मनोज कुमार दास ने आधिकारिक रूप से गुजरात के मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। सतीश/31 अक्टूबर