राज्य
31-Oct-2025


:: प्राचार्य डॉ. वी.के. सिंह ने कहा- यह गर्मजोशी, टीमवर्क और सामुदायिक सद्भाव की विरासत है :: इंदौर (ईएमएस)। स्टेट इंस्टिट्यूट ऑफ़ होटल मैनेजमेंट (एसआईएचएम) इंदौर में विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी शुक्रवार को कॉलेज परिसर में पारंपरिक केक मिक्सिंग सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम क्रिसमस उत्सव की पूर्व तैयारी का सूचक है। संस्थान की शिक्षिका अवनी पाटिल और उनकी पूरी टीम ने क्रिसमस थीम में बड़े ही आकर्षक आकृतियों के साथ आयोजन स्थल को सजाया। इस सेरेमनी में सूखे मेवे (जैसे काजू, बादाम, गुलकंद, चारोली, दालचीनी, किशमिश, काले सूखे अंगूर, सूखे खजूर आदि) के मिश्रण के साथ अल्कोहल को मिलाकर मिश्रण तैयार किया गया। इस मिश्रण को कुछ दिनों तक रखा जाता है, जिसके बाद इसे बेक करके एक विशिष्ट क्रिसमस केक बनाया जाता है। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि केक मिक्सिंग सेरेमनी केवल केक की सामग्री तैयार करने का ही नहीं, बल्कि प्रेम एवं गर्मजोशी के साथ क्रिसमस की भावना का उत्सव मनाने का अवसर भी है। उन्होंने कहा, लोग मिलकर खुशियां बांटते हैं और एक-दूसरे के साथ जुड़ते हैं, जिससे यह उत्सव और भी खास बन जाता है। डॉ. सिंह ने आगे बताया कि समारोह में हिस्सा लेना पारिवारिक और सामुदायिक सद्भाव की विरासत को जारी रखना है। हफ्तों तक भीगे रहने के बाद बेक किया गया अंतिम केक धैर्य, टीमवर्क और त्यौहारों की खुशी का प्रतीक होता है। यह एक ऐसा उत्सव है जो एकता और प्रेम की भावना को मजबूत करता है। प्रकाश/31 अक्टूबर 2025