ट्रेंडिंग
01-Nov-2025
...


-प्रियंका गांधी ने बछवाड़ा में की सभा, नीतीश सरकार को लिया आड़े हाथ बेगूसराय,(ईएमएस)। बेगूसराय के बछवाड़ा में प्रियंका गांधी ने शनिवार को सभा की और बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर नीतीश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध चरम पर है। उद्योगपतियों की हत्या हो रही है। हाल में चुनाव प्रचार में नेता की हत्या की गई। महिलाएं असुरक्षित हैं। लोग पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 20 सालों से बिहार में एनडीए सरकार है। आपको आपके अधिकार नहीं दिए गए। आपको बांटने की राजनीति की। देशभर में झूठा राष्ट्रवाद दिखाया। हाल में इन लोगों ने एसआईआर करवाकर 65 लाख वोट काट दिए। इसके कटने का मतलब क्या है। आपके अधिकार कट रहे हैं। आपको कमजोर किया जा रहा है। इससे आपको सरकारी फायदे नहीं मिलेंगे। इन लोगों ने हर चीज पर टैक्स लगा रखा है। बड़े-बड़े उद्योग अपने दोस्तों को दे रखे हैं। इन लोगों ने प्राइवेटाइजेशन कर दिया है। पीएम मोदी अपने 2 दोस्तों को सारी सरकारी कंपनियां दे दी हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रियंका ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी मंच पर आकर कहते हैं सरकार बना दो करोड़ों नौकरी देंगे। अरे इससे पहले क्यों नहीं नौकरी दी। आप क्या कर रहे थे अब तक। किसानों को लूट रहे हैं। बिजनेस खत्म कर रहे हैं। इनके हाथों में कुछ नहीं बचा है। जो आपका था वो ये लोग अपने दोस्तों को दे चुके हैं। ये झूठे वादे करते हैं। झूठे सपने दिखाते हैं। प्रियंका गांधी जैसे ही मंच पर पहुंचीं माइक खराब हो गया। इसके बाद वे दूसरे माइक पर पहुंचीं और संबोधन शुरू किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि बिहार में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। महिलाएं असुरक्षित हैं। बच्चों की चिंता है, बेटियों की चिंता है। डर ऐसा है कि कमाने जाना भी चाहें तो नहीं जा सकती हैं। बिहार में नीतीश कुमार के हाथ में कुछ नहीं बचा है। यहां की सरकार दिल्ली से चल रही है। वह लोग जो कहते हैं नीतीश कुमार वही करते हैं। आप दूसरे शहरों में नौकरी के लिए जाते हैं। घबराहट लेकर आप वहां नौकरी करते हैं। मेरे परिवार का क्या होगा। मेरा परिवार कैसा होगा। उस वक्त आपको बचाने कोई नहीं आता। आपको बिहार की स्थिति बदलनी है तो खुद आगे आना होगा। प्रियंका ने कहा कि ये लोग वोट चोर हैं। आपके वोट चोरी करके सरकार बनाते हैं। इन लोगों ने 20 साल राज किया, लेकिन कोई काम नहीं किया। अब जनता समझने लगी है। कोई शिक्षा, उद्योग, महंगाई की बात नहीं करता है। सब ध्यान भटकाने की बातें करते हैं। जनता अब जागरूक हो गई है। अब ये लोग घबरा रहे हैं, इसलिए वोट की चोरी कर रहे हैं। प्रियंका गांधी ने कहा, इस सरकार में जब पेपर पास आते हैं तो क्या होता है। पेपर आते हैं लीक हो जाता है। ये लोग बार-बार इतिहास की बात करते हैं। मैं बताना चाहती हूं देश में आज जो इतना विकास है वो कांग्रेस की देन है। बहनों मैं भी आपकी तरह महिला हूं। मैं समझती हूं कैसे महिलाओं को हमेशा समाज का पूरा बोझ उठाना पड़ता है। मोदी जी ने आपके लिए क्या किया है। चुनाव आया है तो बोल रहे हैं लो 10 हजार रुपए ले लो। इसका क्या मतलब है। प्रियंका ने कहा कि महिलाओं आप अपनी बुद्धि से काम लो। चुनाव का समय है। नेता आएंगे झूठे वादे करेंगे फिर चले जाएंगे। आप फैसला करो की ऐसी सरकार आए जो आपको आगे बढ़ाए। आप ऐसी सरकार बनाओ जो शिक्षा दे, रोजगार दे, पेपर लीक को रोके। आज आपके पास मौका है। अपनी ताकत पहचानो। हमें एक बार मौका दो। हम भी काम नहीं करें तो हटा देना। प्रियंका गांधी ने बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी गरीबदास के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यहां के लोग पलायन का दर्द झेल रहे हैं। लहलहाते खेत को छोड़कर जाना पड़ रहा है। आज महंगाई इतनी है बहुत ज्यादा टेक्स है। सारे उद्योग अपने दोस्त को दे रखा है, जो देश की संपत्ति थी, जिससे रोजगार मिलता है। सिराज/ईएमएस 01नवंबर25