03-Nov-2025
...


दुर्गेश केसवानी बोले - जल्द सुधर जाए दिग्विजय वरना इतिहास की वस्तु बन जाएंगे भोपाल (ईएमएस)। दिल्ली दंगों के आरोपित और जेएनयू के पूर्व छात्र उमर खालिद पर एक बार फिर दिग्विजय सिंह ने ऐसा बयान दे दिया, जिसने सियासत में आग लगा दी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा – “उमर खालिद बेकसूर है। उसके साथ बहुत अन्याय हो रहा है। पीएचडी स्कॉलर है और किसी भी मापदंड में राष्ट्रद्रोही नहीं है। उसे तत्काल रिहा किया जाना चाहिए।” यह बयान आते ही भाजपा ने तीखा पलटवार किया। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने दिग्विजय सिंह को आड़े हाथों लेते हुए कहा – “भगवे में आतंकवाद और जाकिर नाइक में शांति देखते हैं दिग्विजय” डॉ. केसवानी ने कहा कि, “कांग्रेस और दिग्विजय सिंह एक विशेष वर्ग की राजनीति करते हैं। इन्हें भगवे में आतंकवाद और जाकिर नायक में शांति का दूत नजर आता है।” उन्होंने दिग्विजय सिंह पर करारा हमला बोलते हुए कहा – “ओसामा को ‘ओसामा जी’ कहने वाले अब देशद्रोह के आरोपी उमर खालिद के समर्थन में बोल रहे हैं। क्या दिग्विजय सिंह न्यायालय से ऊपर हैं?” “राम मंदिर पर सवाल, लेकिन ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ पर चुप्पी” डॉ. केसवानी यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा, “उज्जैन में जब पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे थे, तब दिग्विजय सिंह को ‘काजी साहब जिंदाबाद’ सुनाई दिया था। और अब उमर खालिद जैसे देशद्रोही के पक्ष में बयान दे रहे हैं। राम मंदिर पर सवाल उठाते हैं, भगवान में आतंकवाद देखते हैं – इसलिए जनता इन्हें नापसंद करती है।” उन्होंने आगे कहा – “गणेश जी और माता जी के चल समारोह पर जब पत्थरबाजी होती है, तब दिग्विजय सिंह के मुंह में दही जम जाती है। लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद पर दिग्विजय सिंह मौन रहते हैं।” कांग्रेस जल्द सुधर जाए, वरना इतिहास की वस्तु बन जाएगी भाजपा प्रवक्ता ने चेतावनी देते हुए कहा, “दिग्विजय सिंह और कांग्रेस जल्द सुधर जाएं, वरना इतिहास की वस्तु बनकर रह जाएंगे। ऐसे बयान देकर ये सिर्फ केस को अटकाने और देश के खिलाफ बयानबाजी को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं।” उमर खालिद पर क्या हैं आरोप उमर खालिद वर्ष 2020 के दिल्ली दंगों के मुख्य आरोपितों में से एक है। उस पर दंगा भड़काने और साजिश रचने के आरोप हैं। वह पिछले पांच साल से जेल में बंद है। दिग्विजय सिंह इससे पहले भी कई बार उमर खालिद के समर्थन में बयान दे चुके हैं और न्याय की मांग करते रहे हैं। दिग्विजय सिंह का यह बयान न सिर्फ भाजपा बल्कि देशभर में राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। जब देशद्रोह जैसे गंभीर आरोप पर अदालत विचार कर रही है, तब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता द्वारा आरोपी को निर्दोष बताना सवाल खड़े करता है। ईएमएस/03/11/2025