ट्रेंडिंग
04-Nov-2025
...


हल्द्वानी,(ईएमएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को अपने नैनीताल दौरे के दौरान प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम पहुंचीं और वहां पूजा-अर्चना की। यह पहला अवसर है, जबकि देश की किसी राष्ट्रपति ने कैंची धाम के दर्शन किए हैं। राष्ट्रपति के आगमन से पहले मंदिर परिसर को श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था, जिसे दोपहर 12 बजे के बाद फिर से खोला गया। राष्ट्रपति मुर्मू कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने से पहले कैंची धाम पहुंचीं थीं। कैंची धाम पहुंचने से पूर्व राष्ट्रपति मुर्मू ने मां नयना देवी मंदिर में पूजा की और देश की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। एसएसपी नैनीताल ने पूरे क्षेत्र को रेड जोन घोषित करते हुए सुरक्षा के लिए 1500 से अधिक अधिकारी और जवान तैनात किए। इसस पहले राष्ट्रपति मुर्मू का हेलिकॉप्टर सोमवार शाम हल्द्वानी आर्मी हेलीपैड पर उतरा था, जहां राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) गुरमीत सिंह, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति का काफिला सीधे नैनीताल राजभवन पहुंचा, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया था। हिदायत/ईएमएस 04नवंबर25